जम्मू-कश्मीर में दो जवान शहीद, दो नागरिकों की मौत

By: Jan 21st, 2018 12:10 am

जम्मू— पाकिस्तानी सेना ने लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शनिवार को जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसमें दो जवान शहीद हो गए और दो नागरिकों की मौत हो गई। इसमें 35 लोग घायल हुए। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने शनिवार शाम साढ़े छह बजे से नियंत्रण रेखा पर सुंदरबनी सेक्टर (राजौरी जिला) में बगैर उकसावे के छोटे हथियारों, स्वचालित हथियारों और मोर्टार से अंधाधुंध फायरिंग की। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का जोरदार और प्रभावी जवाब दिया। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से हुई गोलीबारी में लांस नायक सैम अब्राहम गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। वह केरल के रहने वाले थे। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले पाकिस्तान रेंजर्स ने बगैर उकसावे के अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आरएसपुरा, अरनिया और रामगढ़ सेक्टरों में कई इलाकों में शनिवार सुबह छह बजे कर 40 मिनट से फायरिंग और गोलाबारी की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा के 50 किमी के दायरे में सीमा चौकियों और गांवों को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि फायरिंग और गोलाबारी दोपहर में कठुआ जिला अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी फैल गई। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने तीन सेक्टरों में 45 सीमा चौकियों को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर पर दोनों ओर से गोलीबारी के दौरान घायल हुए बीएसएफ के हैड कांस्टेबल जगपाल सिंह की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य जवान घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों की भारी गोलाबारी के जरिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों के अर्निया, आरएस पुरा, रामगढ़, सांबा और हीरानगर सेक्टरों में 50 से अधिक गांवों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तानी फायरिंग और गोलाबारी में दो नागरिक मारे गए, जबकि 35 नागरिक घायल हो गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App