जीरो बजट खेती से संवारें आर्थिकी

By: Jan 23rd, 2018 12:02 am

कैथल में बोले हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत

 कैथल— हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जीरो बजट खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय को दोगुना करने के प्रति गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं। किसान जहर मुक्त खेती से जीरो बजट खेती अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण को शुद्ध व स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं। आचार्य देवव्रत प्रेस से मिलिए कार्यक्रम के तहत प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में जीरो बजट खेती को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सके और देश वासियों को शुद्ध खाद्यान्न प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि जीरो बजट खेती और जैविक खेती में अंतर स्पष्ट है। जीरो बजट खेती में किसान को अपनी फसल के लिए कोई उत्पाद बाजार से नहीं खरीदना होता है तथा इस पद्धति में किसान को पहले वर्ष से ही पूरा उत्पादन मिलना शुरू हो जाता है। वहीं, दूसरी तरफ जैविक खेती में किसानों को महंगे दामों पर रासायनिक उत्पाद खरीदने होते हैं तथा जैविक खेती में प्रथम तीन वर्ष तक फसलों का उत्पादन भी कम प्राप्त होता है। ऐसे में जैविक खेती से किसानों को ज्यादा फायदा नहीं मिल पाता, जबकि जीरो बजट खेती से किसान को ज्यादा आय होती है। राज्यपाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र गुरुकुल में जीरो बजट खेती को अपनाकर बंजर भूमि से भी प्रथम वर्ष पूरा उत्पादन लिया है। कुरुक्षेत्र गुरुकुल द्वारा 19 से 24 मार्च तक जीरो बजट खेती पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि वे शुरू से ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए अभियान चलाते रहे हैं। कुरुक्षेत्र गुरुकुल में गाय की नस्ल सुधार हेतु भी अभियान शुरू किया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी मेजर रोहन मुंशी, मीडिया सचिव जयंत शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. वजीर सिंह मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App