डीआईजी-एसपी पदों पर प्रोमोशन जल्द

By: Jan 21st, 2018 12:10 am

प्रदेश सरकार-पुलिस विभाग ने शुरू की पदोन्नति प्रक्रिया, चार एएसपी भी बनेंगे पुलिस अधीक्षक

शिमला— राज्य में नई सरकार बनने के बाद अब पुलिस महकमे में पदोन्नतियां होने लगी हैं। पुलिस विभाग में जल्द ही डीआईजी व एसपी स्तर के अधिकारियों की पदोन्नति होगी। इसके लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस विभाग में डीआईजी और एसपी रैंक पर जल्द अफसरों को पदोन्नति देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस विभाग में डीआईजी के के मौजूदा समय में चार पद खाली हैं। इनमें डीआईजी विजिलेंस, सीआईडी इंटेलिजेंस, सीआईडी सुरक्षा, नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पद शामिल हैं। वहीं साइबर डीआईजी का पद भी मार्च माह में खाली हो रहा है। इस पद पर वर्तमान में डा. विनोद कुमार धवन तैनात हैं, जो कि मार्च में रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में इन पदों के लिए सरकार ने पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिन अधिकारियों को डीआईजी के पद पर पदोन्नति दी जाएगी, उनमें 2005 और 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। बैच 2005 में सुमेदा हैं, जो कि वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। बैच 2006 में आईपीएस अधिकारी अशोक शर्मा हैं, जिनको हाल ही में एसपी बिलासपुर के पद पर लगाया है। वहीं इसी बैच के अभिषेक दुल्लर हैं, जो कि वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर हैं। इनके अलावा रामेश्वर सिंह ठाकुर का नाम भी इसमें शामिल हैं, वह भी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। वहीं इसी बैच के आईपीएस अधिकारी प्रेम ठाकुर, संतोष पटियाल व सुनील कुमार का नाम भी पदोन्नति के लिए लिया जा रहा है। इनमें संतोष कुमार वर्तमान में कांगड़ा के एसपी हैं, जबकि प्रेम ठाकुर व सुनील कुमार बटालियनों में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि इनमें केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात सुमेदा, अभिषेक दुल्लर और रामेश्वर ठाकुर को परफोर्मा आधारित पदोन्नति दी जाएगी। यानी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात रहते हुए उनको हिमाचल सरकार डीआईजी डेजीग्नेट करेगी। वहीं अशोक कुमार शर्मा, प्रेम ठाकुर, संतोष पटियाल और सुनील कुमार को स्थायी तौर पर डीआईजी बनाया जाएगा। इस तरह चार नए डीआईजी हिमाचल को मिल जाएंगे। वहीं बताया जा रहा है कि आईपीएस अधिकारी रामेश्वर ठाकुर भी हिमाचल लौट सकते हैं, ऐसे में यदि वह वापस आते हैं, तो उनको मिलाकर पांच नए डीआईजी हिमाचल को मिलेंगे। यही नहीं, पुलिस विभाग में चार एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारियों को एसपी बनाए जाने की भी तैयारी है। इनमें चंबा बार्डर तैनात एडिशनल एसपी संजीव लखनपाल, बिलासपुर में तैनात एडिशनल एसपी कुलदीप चंद, चबा में तैनात एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह और शिमला में एडिशनल एसपी के पद पर तैनात कुलवंत सिंह शामिल हैं। जानकारी के अनुसार सरकार ने डीआईजी और एसपी रैंक पर पदोन्नति के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इन सभी अधिकारियों को पदोन्नति देने के लिए विजिलेंस क्लीयरेंस भी मांगी गई है। इसके बाद सरकार इनके लिए डीपीसी करवाएगी, जिनमें पदोन्नति पर मुहर लगेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App