दो लाख ने लगाई श्रद्धा की डुबकी

By: Jan 15th, 2018 12:02 am

उत्तराखंड में मकर संक्रांति पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने हरिद्वार के गंगा घाटों में किया स्नान

हरिद्वार  – उत्तराखंड के हरिद्वार में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर हर की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर रविवार को लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद तड़के से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने शुरू हो गए। मकर संक्रांति के स्नान पर हर की पौड़ी ही नहीं बल्कि उसके आस-पास के घाटों पर भी गंगा में स्नान करने वालों का सैलाब नजर आया। मकर सक्रांति पर्व उत्तर भारत में उत्तरायाणी पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने से इस पर्व को मकर संक्रांति पर्व कहा जाता है। मकर संक्रांति के शुभ दिन पर हरिद्वार के हरकी पौडी पर गंगा में डूबकी लगाने वालों की भीड़ लगी हुई थी। तड़के कड़ाके की ठंड में श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही। दिन चढ़ते ही श्रद्धालुओं के संख्या बढ़ती चली गयी। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर उसकी पूजा अर्चना भी की। मकर संक्रांति के इस स्नान पर तिल एवं खिचड़ी के दान करने का बड़ा महत्त्व है। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी हर की पौड़ी पर तिल एवं खिचड़ी का दान किया। मान्यता है कि इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है। यानी सूर्य पृथ्वी के नजदीक आना शुरू करता है और तिल तिल कर दिन बड़े  होने लगते हैं। इसी के साथ सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण भी होता है जिसे बहुत ही खास माना जाता है। ऐसे शुभ दिन पर माना जाता है कि यहां दान पुण्य करने एवं मां गंगा में स्नान करने पर मोक्ष की प्राप्ति होती है। परंतु नगर निगम की व्यवस्था हर बार की तरह इस बार भी विफल नजर आई। जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आ रहे थे और कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी वहां से नदारद थे। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता मिशन के तहत लाखों करोड़ों रुपए खर्च कर किए हैं तो वहीं दूसरी ओर हर की पौड़ी पर साल के पहले स्नान पर ही नगर निगम की व्यवस्था हार मानने को तैयार है।  यहां के पुलिस प्रशासन ने हरिद्वार को कई सेक्टर एवं क्षेत्र में बांटा गया था, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर लंबा जाम दिखाई दिया। जिससे की यहां आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा साथ ही स्थानीय लोगों को भी इस दिक्कत का सामना करना पड़ा, लेकिन श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यापारियों के चेहरे में खुशी देखने का मिल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App