धर्मशाला में सैलानियों को खीचेंगे ईको पार्क

By: Jan 21st, 2018 12:05 am

धर्मशाला – वन विभाग धर्मशाला के नगर निगम के क्षेत्र के साथ लगते जंगलों में नगर वन उद्यान योजना के तहत कार्य करेगा। इस योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा निगम क्षेत्र के साथ लगते वन क्षेत्रों में ईको पार्क विकसित किए जाएंगे। इससे पर्यटकों को वनों में बेहतर व्यवस्था मिलने के साथ ही वन भूमि पर अवैध कब्जों की संभावनाआें पर भी विराम लगाया जा सकेगा। इस योजना के तहत वन विभाग धर्मशाला ने करीब अढ़ाई करोड़ रुपए की प्रोपोजल तैयार कर सरकार को मंजूरी के लिए भेजी है। प्रोपोजल को मंजूरी मिलने के बाद विभाग द्वारा इस दिशा में कार्य आरंभ किया जाएगा।  नगर निगम के साथ लगती वन भूमि पर बढ़ रहे अतिक्रमण को रोकने के साथ वन क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को लेकर वन विभाग ने नगर वन उद्यान योजना तैयार की है। योजना के तहत निगम एरिया के साथ लगते जंगलों की फेंसिंग भी की जाएगी। इस योजना का मुख्य कार्य ईको पार्क विकसित करना होगा। पर्यटकों व शहरवासियों को आकर्षित करने के लिए ईको पार्क बनाए जाएंगे तथा पार्क में जाने के लिए रास्तों का निर्माण किया जाएगा। यही नहीं, नगर निगम क्षेत्र के साथ लगते जंगलों में जहां पौधे खराब हो रहे हों या जहां पौधे नहीं होंगे, वहां पौधारोपण किया जाएगा। उधर, वन मंडलाधिकारी धर्मशाला प्रवीण ठाकुर ने बताया कि नगर वन योजना तैयार की गई है। नगर निगम के साथ लगती वन भूमि पर इस उद्यान को विकसित किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा करीब अढ़ाई करोड़ रुपए का प्रोपोजल स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App