पर्यावरण की पर्याय ‘वंदना शिवा’

By: Jan 3rd, 2018 12:12 am

पर्यावरण के लिए किसी भी मंच पर लड़ाई लड़ने में सबसे पहले नाम आता है डा. वंदना शिवा का। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवाज बुलंद की है। इंटरनेशनल फोरम ऑन ग्लोबलाइजेशन की सदस्य वंदना शिवा ने 1984 में केंद्र सरकार की हरित क्रांति का भी विरोध किया था। उन्होंने हरित क्रांति के पीछे रासायनिक खादों के भयानक इस्तेमाल की तैयारी सूंघ रखी थी। 1970 में वंदना शिवा ‘चिपको’ आंदोलन से जुड़ीं थी। उसके बाद तो पर्यावरण संरक्षण की लड़ाई और वंदना शिवा एक दूसरे के पर्याय बन गए। ग्लोबल ईकोफेमिनिस्ट मूवमेंट में भी वंदना शिवा ने अहम भूमिका निभाई है। वह एक दार्शनिक, पर्यावरण कार्यकर्ता, पर्यावरण संबंधी नारी अधिकारवादी एवं कई पुस्तकों की लेखिका हैं। वंदना शिवा अग्रणी वैज्ञानिक और तकनीकी पत्रिकाओं में 300 से भी अधिक लेखों की रचनाकार हैं। 1982 में उन्होंने रिसर्च फाउंडेशन फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंड ईकोलॉजी की स्थापना की। वंदना जैविक खेती पर देश भर के किसानों को जागरूक कर रही हैं।

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा- वंदना शिवा का जन्म 5 नवंबर, 1952 को देहरादून में हुआ। वंदना के पिता वन संरक्षक और माता प्रकृति प्रेमी थीं। वंदना की शिक्षा नैनीताल के सेंट मैरी स्कूल और जीजस एवं मैरी कान्वेंट, देहरादून में हुई। सेंट मैरी स्कूल, नैनीताल की स्थापना सन् 1888 में हुई। उस समय इस स्कूल में केवल ब्रिटिश अफसरों और सैनिकों के बच्चे ही पढ़ते थे। दूसरे विद्यार्थियों को यहां दाखिला नहीं दिया जाता था। शिवा एक प्रशिक्षित जिम्नास्ट भी रहीं। भौतिक विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने 1979 में पश्चिमी ओंटोरियो विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

करियर- कृषि और खाद्य पदार्थ के व्यवहार एवं प्रतिमान में परिवर्तन लाने के लिए संघर्ष किया। बौद्धिक संपदा अधिकार, जैव विविधता, जैव प्रौद्योगिकी, जैव नीतिशास्त्र और आनुवंशिक इंजीनियरिंग आदि क्षेत्रों के अभियानामें में शिवा ने बौद्धिक रूप से योगदान दिया।

सम्मान- 1993- राइट लाइवलीहुड पुरस्कार

1993- नीदरलैंड द्वारा गोल्डन आर्क की मानद उपाधि 1995- प्राइड ऑफ दि दून पुरस्कार

1997- सेव दि वर्ल्ड पुरस्कार

2005- सिडनी शांति पुरस्कार


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App