भरमौर में आधा फुट हिमपात

By: Jan 24th, 2018 12:10 am

भरमौर—जनजातीय उपमंडल मुख्यालय भरमौर में मंगलवार को चार इंच ताजा हिमपात हुआ है, जबकि क्षेत्र के उंचाई पर बसे गांवों में देर शाम तक आधा फुट तक बर्फबारी होने की सूचना है। हिमपात का दौर आरंभ होने के साथ ही जनजातीय क्षेत्र भरमौर के विभिन्न रूटों पर आने वाली निगम की बसों के पहिए भी जाम हो गए है। इसके चलते बसें अपनी निर्धारित रूट तक नहीं पहुंच पाई, तो कई रूट तक जाने के बाद वापस सुरक्षित स्थान के लिए निकल गई है। बहरहाल हिमपात का दौर जारी होने के चलते जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और यहां पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार सुबह से ही जनजातीय क्षेत्र भरमौर में आसमान में बादलों ने डेरा जमाए रखा। इस बीच ठंडी हवाओं के चलते यहां सुबह से ही कड़ाके की ठंड महसूस की गई। नतीजतन शाम को उपमंडल मुख्यालय भरमौर समेत होली घाटी में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया और देखते ही देखते उपमंडल ने बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली। हांलाकि क्षेत्र की पहाडि़यों पर सुबह से ही रूक-रूक कर हिमपात हो रहा था। बहरहाल देर शाम तक उपमंडल मुख्यालय भरमौर में चार इंच हिमपात हो चुका है और होली में एक इंच के करीब ताजा बर्फबारी हुई है, जबकि उंचाई पर बसे गांवों में आधा फुट तक बर्फ गिरने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में बर्फ के हलके फाहें गिरने का क्रम जारी था। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम की भरमौर रूट पर आने वाली बसें बीच रास्ते से ही शाम को लौट गईं, चूंकि बर्फ  के चलते सड़क पर फिसलन हो गई है, अलबता बीच रास्ते ही बसें सुरक्षित ठिकानें की ओर निकल गई। वहीं होली घाटी में बसें यात्रियों को ठिकाने तक पहुंचाने के बाद यहां से सुरक्षित जगह की ओर चली गई है। अहम है कि बर्फबारी के चलते सडकों पर फिसलन भी बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं होता। अलबता निगम प्रबंधन ने भी इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर शाम को ही बसों को भेज दिया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App