मशीन में मफलर फंसने से कामगार जख्मी

By: Jan 24th, 2018 12:05 am

गगरेट – स्थानीय कस्बे के एक उद्योग में कार्यरत एक कामगार का मफलर मशीन में फंस जाने से बने फंदे में झूलकर कामगार बुरी तरह से घायल हो गया। उसे गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर उसकी अति नाजुक हालत को देखते हुए उसके परिजन उसे होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर अभी तक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। गगरेट के पांवड़ा गांव का दीपक कुमार गगरेट-होशियारपुर रोड पर स्थित एक उद्योग में कार्यरत है। मंगलवार को सुबह वह घर से ड्यूटी पर आया। वह मशीन पर काम कर रहा था कि उसके गले में पहना हुआ मफलर मशीन में फंस गया और उसका गला घुट गया। गनीमत यह रही कि वह बच गया। उसे तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया लेकिन गले की नसे अधिक दब जाने के चलते डाक्टरों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया लेकिन उसके परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर अभी भी उसकी  हालत नाजुक बनी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App