लोहड़ी…गांधी चौक से सब्जी मंडी, सब फुल

By: Jan 13th, 2018 12:10 am

हमीरपुर  — लोहड़ी के पावन पर्व पर हमीरपुर बाजार खुशनुमा माहौल में तबदील हो गया। पिछले कुछ दिनों से त्योहार को लेकर देखा जा रहा उत्साह शुक्रवार को बधाइयों में बदल गया। हर कोई बाजार में मिलने वाले अपने दोस्तों व सगे संबंधियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दे रहा था। बाजार की दुकानें लोहड़ी की सामग्री से लकदक हो गईं। दुकानदारों ने लोहड़ी पर्व को लेकर सारी सामग्री उपलब्ध करवाई थी। मूंगफली, गजक व रेवडि़यों की लोगों ने जमकर खरीदारी की है। इसके साथ ही तिल, गुड़ व चिड़वे की भी खूब डिमांड रही। तिल व गुड़ 150 रुपए किलो, जबकि चिड़वे 50 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिके। पिछले वर्ष भी इन्हीं दामों पर यह सामग्री उपलब्ध थी। वहीं मूंगफली 80 से 90 रुपए के बीच उपलब्ध रही। गजक व रेवडि़यों भी 10 से लेकर 250 रुपए तक के पैकेट में बिकीं। शहर के कई दुकानदारों ने लोगों को लोहड़ी की खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए रेहडि़यां भी लगाई थीं। रेहडि़यों पर लोहड़ी का सारा सामान बेचा जा रहा था। शुक्रवार शाम के समय हमीरपुर शहर गांधी चौक से लेकर सब्जी मंडी तक फुल हो गया। लोगों की भारी आवाजाही लोहड़ी के पावन पर्व के महत्त्व की गवाह बनी। बतातें चलें कि लोहड़ी पर्व के कुछ दिनों पहले से ही लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। लोहड़ी पर्व पर मनाई जाने वाली तिलचोली का विशेष महत्त्व है। इस पर्व पर हरेक घर में यह पकवान बनाया जाता है। इसके लिए सारी सामग्री दुकानों में उपलब्ध रही। वहीं कई दुकानदार जहां ग्राहकों को सामान बेच रहे थे, वहीं खरीददारी के बाद उन्हें लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं दे रहे थे। शुक्रवार शाम के समय शहर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बाजार में मिलने वाले अपने दोस्तों व सगे संबंधियों को लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं दी जा रही थीं। दूरदराज से भी कई लोग खरीददारी के लिए हमीरपुर शहर में पहुंचे थे। गांधी चौक से लेकर बस अड्डा तक लोहड़ी के सामान से दुकानें भरी पड़ी थीं। शहर के साथ ही गली मोहल्ले में स्थापित दुकानों पर भी लोहड़ी के त्योहार का सामान उपलब्ध रहा। शहर के साथ ही जिला के अन्य बाजारों में भी माहौल खुशनुमा रहा। भोटा, पट्टा, ऊखली लदरौर, भोरंज आदि क्षेत्रों में भी लोहड़ी पर्व को लेकर खूब खरीददारी की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App