लोहड़ी गीतों से बच्चों ने खूब जमाया रंग

By: Jan 14th, 2018 12:20 am

परागपुर— धरोहर गांव परागपुर में शनिवार को राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस मौके पर परागपुर बाजार में ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई,  कई मौजूद रहे। मंत्री विक्रम ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम देहरा मलोक सिंह ने मुख्यातिथि को शॉल व टोपी पहना कर सम्मानित किया। इसके अलावा देहरा के विधायक होशियार सिंह को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि लोहड़ी का त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। त्योहारों के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाले मेलों के माध्यम से जहां हमारी समृद्ध संस्कृति का संरक्षण होता है, वही परंपराओं को जानने और समझने का भी अवसर मिलता है। पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम सभी अपनी सभ्यता का आदर करें और अपनी भावी पीढ़ी को इससे अवगत करवाएं। उत्सव में बच्चों के लिए लोहड़ी गीतों की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। आदर्श पब्लिक स्कूल परागपुर के लोहड़ी गीत की सभी ने सराहना की। उत्सव में सरकारी विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगा कर लोगों को जागरूक भी किया गया। स्थानीय निवासियों के लिए उत्सव में शाम को अंगीठियों की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री की धर्मपत्नी ममता ठाकुर, डीएसपी देहरा एलएम शर्मा, मंडल भाजपाध्यक्ष विनोद शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, महामंत्री रुपिंदर डैनी, प्रवक्ता कमलेश शर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष मुकेश सोनी, हरबंस कालिया, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष बलबीर धीमान, पंचायत प्रधान सुदेश कुमारी, उपप्रधान मदन गोपाल, बीडीसी परागपुर ज्योति शर्मा, मूही पंचायत प्रधान सुरजीत धीमान, गंगोट पंचायत प्रधान राकेश समनोल, तहसीलदार डाडासीबा अवनीश शर्मा, तहसीलदार देहरा राजीव ठाकुर, बीडीओ परागपुर ओपी ठाकुर, नायब तहसीलदार परागपुर मदन राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App