साप्ताहिक घटनाक्रम

By: Jan 10th, 2018 12:08 am

*चीन में भारत के राजदूत रह चुके और डोकलाम विवाद सुलझाने में अहम भूमिका निभाने वाले विजय केशव गोखले को देश का अगला विदेश सचिव नियुक्त किया गया है। गोखले की नियुक्ति के संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। उनका कार्यकाल 2 साल का होगा। मौजूदा विदेश सचिव एस. जयशंकर का कार्यकाल 28 जनवरी को समाप्त हो रहा है। 1981 बैच के आईएफएस अधिकारी गोखले फिलहाल विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) पद पर तैनात हैं।

*  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद विनय सहस्रबुद्ध को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह जाने माने विद्वान लोकेश चंद्रा का स्थान लेंगे। विदेश मंत्रालय से संबद्ध स्वायत्त संस्था के रूप में आईसीसीआर अन्य देशों के साथ भारत के सांस्कृतिक संबंधों और संपर्क को भी संचालित करती है।

  *मोदी सरकार ने रॉ के पूर्व प्रमुख राजिंदर खन्ना को डिप्टी एनएसए नियुक्त किया है। वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के सहयोगी होंगे। खन्ना दिसंबर 2014 से दो वर्षों के लिए देश की अंतरराष्ट्रीय गुप्तचर एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के प्रमुख रहे। डिप्टी एनएसए का पद पिछले वर्ष अगस्त में अरविंद गुप्ता का कार्यकाल पूरा होने के बाद से खाली पड़ा था। खन्ना 1978 बैच के रिसर्च एंड एनालिसिस विग सर्विस के अफसर हैं।

*  आस्ट्रेलिया ने पांचवें और अंतिम टेस्ट के अंतिम दिन इंग्लैंड को पारी और 123 रन से हराकर एशेज श्रृंखला 4-0 से जीत ली।

*भले ही भारत समेत तमाम देशों में महिलाएं पुरुषों की तुलना में समान वेतन के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन यूरोपीय देश आइसलैंड ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आइसलैंड दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जहां पुरुषों को महिलाओं से अधिक सैलरी देना अवैध करार दे दिया गया है। नए कानून के मुताबिक 25 से अधिक इंप्लाइज वाली कंपनियों और सरकारी एजेंसियों को अपनी समान वेतन की नीति के लिए सरकार से प्रमाण पत्र लेना होगा।

*कर्नाटक की राजधानी बंगलूर बंगलूर देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसको खुद की ब्रांड पहचान और एक ‘लोगो’ मिल गया है।  इसके लिए बंगलूर-बी यू टैगलाइन का चुनाव किया भी गया है। राज्य के पर्यटन मंत्री ने शहर के ‘लोगो’ को लांच किया। इस ‘लोगो’ को नाम्मुर नाम की स्टार्ट-अप कंपनी ने बनाया है। इसके साथ यह यूएस के न्यूयॉर्क और नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम जैसे शहरों में शामिल हो गया है, जिनका खुद का लोगो है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App