हिमाचल में ताजपोशियों की शुरुआत

By: Jan 17th, 2018 12:10 am

संजीव कटवाल हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट्स; पुरुषोत्तम गुलेरिया खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष, डा. डेजी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष

शिमला— हिमाचल सरकार ने मंगलवार को बोर्ड एवं निगमों में ताजपोशी की शुरुआत करते हुए दो उपाध्यक्षों के नाम की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्ष के नाम का भी ऐलान कर दिया गया। राज्य सरकार द्वारा की गई ताजपोशियों में हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट्स का उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को बनाया गया है। धूमल सरकार में संजीव कटवाल मुख्यमंत्री के ओएसडी रह चुके हैं। हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट्स निगम के अध्यक्ष उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ही होंगे। इस निगम के सरकारी सदस्यों में डा. श्रीकांत बाल्दी, आरडी धीमान, राजेश शर्मा, राम कुमार गौतम तथा गैर सरकारी सदस्यों में अंजय बौद्ध भुंतर, विनोद कुमार चंबा व बलदेव सिंह नेगी किन्नौर शामिल किए गए हैं। उधर, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में पुरुषोत्तम गुलेरिया को उपाध्यक्ष का पद सौंपा गया है। कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष श्री गुलेरिया भाजपा संगठन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।  खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पद पर उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ही रहेंगे, जबकि सरकार सदस्यों में डा. श्रीकांत बाल्दी, आरडी धीमान, राजेश शर्मा व जितेंद्र सांचटा व गैर सरकारी सदस्यों में सागर दत्त भारद्वाज ऊना, पीतांबर लाल मंडी और चांदविंद्र पाल शर्मा पालमपुर  शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही हिमाचल सरकार ने डा. डेजी ठाकुर को हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के तौर पर तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। डा. डेजी ठाकुर प्रदेश भाजपा की सचिव हैं और सोलन जिला के परवाणू से हैं।  उनके नाम की चर्चा पिछले कुछ दिनों से चल रही थी, जिस पर मंगलवार को सरकार ने फैसला ले लिया। सरकार ने आयोग में गैर आधिकारिक सदस्यों के तौर पर इंदू बाला, सुषमा भट्ट तथा मंजरी नेगी को भी तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है।

सदस्य भी तैनात

हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट्स निगम तथा खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ही होंगे। हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट्स निगम के गैर सरकारी सदस्यों में अंजय बौद्ध भुंतर, विनोद कुमार चंबा व बलदेव सिंह नेगी किन्नौर शामिल हैं, जबकि खादी बोर्ड के गैर सरकारी  सदस्यों में सागर दत्त भारद्वाज ऊना, पीतांबर लाल मंडी और चांदविंद्र पाल शर्मा पालमपुर  शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App