14 बीघा से हटाए कब्जे

By: Jan 13th, 2018 12:07 am

रामपुर बुशहर – सराहन वन परिक्षेत्र में दो दिनों में 14 बीघा अवैध कब्जे पर वन विभाग की आरी चली। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कब्जाधारियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद वन विभाग ने पांच बीघा से अधिक वन भूमि पर किए अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम युद्धस्तर पर छेड़ी हुई है। इसी मुहिम के तहत हाल ही में विभाग ने पहले चरण में वन मंडल रामपुर के तहत बाहली वन परिक्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाया था। वहीं, अब वन मंडल के सराहन वन परिक्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया जोर-शोर से चल रही है। गुरुवार और शुक्रवार को वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने सराहन वन परिक्षेत्र से करीब 14 बीघा तीन बिस्वा वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों पर डंडा चलाया है। अभी भी अन्य मामलों पर वन विभाग की कार्रवाई जारी है। डीएफओ अशोक नेगी ने कहा कि कोर्ट के आदेशों के बाद पांच बीघा से अधिक वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम जारी है। पहले चरण में जहां बाहली वन परिक्षेत्र से अवैध कब्जे हटाए गए। वहीं, दूसरे चरण में सराहन वन परिक्षेत्र से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं और आखिरी चरण में 15 जनवरी को ननखड़ी वन परिक्षेत्र से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। उक्त इलाकों में पांच बीघा से अधिक वन भूमि पर कब्जों के कुल 42 मामले हैं। इन पर कार्रवाई हो रही है। सराहन वन परिक्षेत्र से कब्जा हटाने वाली टीम में आरओ हीरा लाल, प्रकाश ठाकुर, देविंद्र, सोहन लाल, बलवीर, मोनिका, उषा, बबीता, सुनील, सपना, अनिता व प्रताप सिंह सहित ज्यूरी और झाकड़ी पुलिस के जवान उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App