कृष्णा ठाकुर को महापंजाब अवार्ड

By: Feb 12th, 2018 12:03 am

कुल्लू की रेडियो कलाकार पंजाब के तरनतारन में अंतरराष्ट्रीय खिताब से नवाजीं

कुल्लू – प्रदेश की लोक गायिका एवं रेडियो कलाकार कृष्णा ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय लोक कला संस्कृति महापंजाब आवार्ड से सम्मानित किया गया है। प्रसिद्ध लोक गायिका कृष्णा ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय महापंजाब लोक कला संस्कृति पुरस्कार से पंजाब के तरनतारन में नवाजा गया है। कृष्णा ठाकुर किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं, क्योंकि प्रदेश के घर-घर में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक उनके लोक कला संस्कृति पर आधारित गीतों पर थिरकते हैं। कृष्णा ठाकुर जिला कुल्लू की ऐसी पहली महिला कलाकार हैं, जिसने पुरुषों को मात देते हुए मंच पर आने की ठानी। एक समय था, जब महिलाओं को चारदीवारी के अंदर ही रखा जाता था और उस दौर में कृष्णा ठाकुर ने लोक संस्कृति को बचाने व महिलाओं को बाहर निकालने की ठानी और समाज की परवाह किए बिना लोक संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाया। यही कारण है कि आज उन्हें हिमाचली लोक संस्कृति का पुरोधा कहा जाता है और उन्हीं के कारण आज कई महिलाएं कला के क्षेत्र में आगे आई हैं। कृष्णा के गीत उस समय से आज तक चले आ रहे हैं, जब देश में रेडियो और दूरदर्शन के अलावा मनोरंजन का कोई साधन नहीं होता था। उस समय जालंधर दूरदर्शन से कृष्णा के गीतों का प्रसारण होता था। दूरदर्शन पर आने वाले धारा रे गीत में तो कृष्णा की आवाज सुनकर लोग घरों-घरों में लोग थिरकने लगते थे। कृष्णा ठाकुर ने हैदराबाद रेडियो, जयपुर रेडियो, शिमला रेडियो, असम रेडियो सहित कई राज्यों के रेडियो पर प्रसारण दिया है। ढोला रा ढमाका कार्यक्रम में कई बार वह लाइव कार्यक्रम पेश कर चुकी हैं।

वह देश जिंदा है..

उपलब्धि पर जब कृष्णा ठाकुर से बात की गई, तो उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह देश जिंदा है, जहां की संस्कृति व सभ्यता कलाओं में सुरक्षित रहती है, क्योंकि कला एक ऐसी विद्या है, जो इनसान में है। हर इनसान के अंदर कला छिपी है और लोक संस्कृति व गायन एक ऐसी विधा है, जिसे सब पसंद करते हैं। जो गा नहीं सकता, वह सुन सकता है, नाच सकता और गुनगुना सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App