गाय मिट्टी-पत्थर चाटे तो खनिज खिलाएं

By: Feb 8th, 2018 12:04 am

मेरी गाय अपना रस्सा खा जाती है। वह फर्श को भी चाटती रहती है। क्या करें?

– विनय शर्मा, जयसिंहपुर

मेरी गाय खुद को व दीवार को चाटती रहती है। क्या करें?

मेहर सिंह, सुंदरनगर

मेरी 11 महीने की बछड़ी प्लास्टिक, पत्थर, कपड़ा आदि खाती है। क्या करें?

अशोक, भदरेहड़

जब पशु असामान्य चीजें जैसे मिट्टी, पत्थर, हड्डी, लकड़ी, कपड़ा आदि खाए या दीवार, खुरली, अपना मूत्र आदि चाटे, तो उसमें किसी खनिज तत्त्व की कमी है। इसकी वजह से पशु व चीज/वस्तु खाना-पीना शुरू कर देता है, जो वह सामान्यतः नहीं खाता-पीता है। ज्यादातर यह खनिज तत्त्व फास्फोरस होता है और इसे पाइका कहते हैं। अभी आप उसे-

-पेट  के कीड़ों की दवाई दें, जिसे 21 दिन बाद दोबारा दें।

-खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन ताउम्र दें।

अगर उपरोक्त मिश्रण 20-25 दिन देने के बावजूद आपको खास फर्क नहीं लगे, तो आप अपने पशु को इंजेक्शन टी-फास या यूरिमिन 10 एमएल आईएम तीन-पांच इंजेक्शन एक दिन छोड़कर लगवाएं।

मेरी 21 महीने की बछड़ी छह महीने की गाभिन है, परंतु काफी कमजोर है। क्या करें?

 अश्वनी, ऊना

आपने अपनी बछड़ी का अच्छा रखरखाव किया है, इसलिए उसका 15 महीने की उम्र में कृत्रिम गर्भाधान हो गया वह गाभिन हो गई। अभी आप उसे पेट के कीड़ों की दवाई दें।

-पशु आहार एक किलो सुबह व एक किलो शाम को खिलाएं।

– खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन ताउम्र खिलाएं।

– साथ में उसे हरा घास व सूखा घास मिलाकर अवश्य खिलाएं।

जब आपकी बछड़ी का आठवां महीना खत्म हो जाए व नौवां महीना शुरू हो जाए तब आप अपने पशु को पशु आहार बंद कर दें व दलिया शुरू कर दें, जिसे आप प्रसूति के एक महीने बाद तक दें।

– उसे  पेट के कीड़ों की दवाई दें।

मेरी भैंस की प्रसूति डेढ़ साल पहले हुई थी व उसके बाद उसका दो बार कृत्रिम गर्भाधान हुआ, परंतु वह गाभिन नहीं हो रही है। क्या करें?

 जगदीश, कांगड़ा

आपका पशु गरमाने के लक्षण दे रहा है, परंतु टिक नहीं रहा है तो शायद उसकी बच्चेदानी में मामली संक्रमण है, क्योंकि अगर संक्रमण ज्यादा होता तो वह गरमाने के लक्षण ही नहीं देता। अभी जब भी आपका पशु गरमाने के लक्षण दे आप उसके बच्चेदानी में तीन दिन दवाई रखवाएं। उसके बाद जब 20-21 दिन बाद वह गरमाने के लक्षण दे तो उसका कृत्रिम गर्भाधान करवाएं। साथ में उसे पेट के कीड़ों की दवाई दें।

– पशु आहार डेढ़ किलो सुबह व डेढ़ किलो शाम को खिलाएं।

– खनिज मिश्रण 50 ग्राम लगातार ताउम्र दें।

डा. मुकुल कायस्थ वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय पद्धर(मंडी)

फोनः 94181-61948

नोट : हेल्पलाइन में दिए  गए उत्तर मात्र सलाह हैं।

Email: mukul_kaistha@yahoo.co.in


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App