जयराम सरकार के एक माह का हिसाब

By: Feb 7th, 2018 12:05 am

अनुराग ठाकुर, करसोग, मंडी

हिमाचल में भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक महीना समाप्त हो गया है। इन दिनों कई घोषणाएं हुईं। प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए वित्तीय लाभ की घोषणाएं करके मालामाल किया, जबकि दूसरी ओर सरकार पूर्व सरकार द्वारा खजाना खाली करने की बातें कहे जा रही है। प्रदेश की आम जनता के लिए सरकार ने क्या किया, जो नौकरी-पेशे में नहीं है। क्या सरकार को बहुसंख्य आबादी के लिए कोई राहत नहीं लानी चाहिए। महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। दूसरी ओर प्रदेश भाजपा सरकार ने तबादला तूफान का वातावरण पैदा कर दिया है, जिससे छोटे-बड़े कर्मचारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। चेहरों के बदलाव या इस वर्ग को और अधिक वित्तीय लाभ देकर वर्तमान भाजपा सरकार की कथनी-करनी के अंतर को दर्शाया है। क्या जितने भी अधिकारी बदले गए, सभी कामचोर या निक्कमे थे और जो अधिकारी उनकी जगह बिठाए सभी ईमानदार, योग्य व जनता के प्रति जवाबदेह हैं। अपने स्वार्थ साधने में  आसानी के मद्देनजर इतने बड़े स्तर पर बदलाव लाया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विभिन्न दौरों पर करोड़ों की घोषणाएं की हैं। जब सरकार का खजाना खाली है, तो यह करोड़ों की राशि कहां से आएगी। वर्तमान भाजपा सरकार व पूर्व कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली में कोई अंतर नहीं है। प्रदेश की जनता का बदलाव का फैसला अब तक तो फलीभूत होता नहीं दिख रहा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App