जाते-जाते बन गईं ‘गूगल क्वीन’

By: Feb 27th, 2018 12:05 am

रविवार की सुबह जैसे ही लोगों की नींद खुली तो सबसे पहले सभी को बस एक ही बुरी खबर सुनने में आई श्रीदेवी का निधन। आंख खुलते ही इस खबर को सुनकर हर कोई हैरान था। अचानक से बालीवुड की खूबसूरत अदाकारा श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर सभी सदमे में हैं। पूरे देश में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। जैसे ही लोगों ने श्रीदेवी के निधन की खबर सुनी सबसे पहले उन्होंने गूगल पर इस बारे में सर्च किया. अगर गूगल सर्च की बात करे तो दोपहर 12 बजे से पहले गूगल पर करीब दस लाख लोगों ने श्रीदेवी को सर्च किया था। तीन बजे तक दस लाख का आंकड़ा 50 लाख तक पहुंच गया था और शाम पांच बजे तक ये आंकड़ा दोगुना हो गया था। यानी शाम पांच बजे तक श्रीदेवी को करीब एक करोड़ लोग गूगल पर सर्च कर चुके थे।रविवार को तो गूगल पर बस श्रीदेवी के बारे में सर्च करने का तांता लगा हुआ था। कुछ लोग श्रीदेवी के नाम से सर्च कर रहे थे तो कुछ उनकी मौत की खबर। कार्डियक अरेस्ट, मोहित मारवाह की शादी, श्रीदेवी का अंतिम संस्कार, श्रीदेवी की मूवी, श्रीदेवी का वीडियो, एक्ट्रेस श्रीदेवी, श्रीदेवी लेटेस्ट न्यूज, अबाउट श्रीदेवी, श्रीदेवी अर्जुन कपूर जैसे और भी बहुत से टॉपिक रविवार को गूगल पर सर्च किए गए।

बनाई थी माइकल जैक्सन की पेंटिंग

मिस्टर इंडिया , चालबाज और चांदनी जैसी शानदार फिल्में देनी वालीं श्रीदेवी एक्टिंग और डांसिंग में तो माहिर थी हीं, लेकिन कम ही लोगों को उनकी एक अन्य हॉबी के बारे में पता होगा। आपको बता दें कि श्रीदेवी को पेंटिंग का शौक था और वह लंबे समय से पेंटिंग कर रही थीं। इतना ही नहीं पिछले महीने खबर आई थी कि उनकी पेंटिंग्स आठ-दस लाख रुपए में नीलाम की जाएगी। गौरतलब है कि श्रीदेवी की बनाई हुई सोनम कपूर और माइकल जैक्सन की पेंटिंग्स नीलाम होने वाली थीं। श्रीदेवी को पेंटिंग का शौक था और फिल्मों से फुर्सत पाकर वह पेंटिंग करती थीं। माइकल जैक्सन की पेंटिंग में श्रीदेवी ने उनके क्लासिक पोज को कैनवस पर उतारा था। वहीं सोनम कपूर की पेंटिंग में उन्होंने उनकी डेब्यू फिल्म सांवरिया से एक पोज को बनाया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App