नशे के धंधे पर पुलिस की चोट

By: Feb 22nd, 2018 12:16 am

शिमला— हिमाचल में नशे के धंधे को लेकर पुलिस की सख्ती जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसमें शामिल तस्कर बेनकाब होने लगे हैं। हिमाचल पुलिस राज्य में रोजाना औसतन पांच तस्करों को सलाखों के पीछे धकेल रही है। एक महीने के दौरान नशे में शामिल लोगों की धरपकड़ कर भारी मात्रा में मादक द्रव्य पकड़े गए हैं। पुलिस विभाग की अब तक की इस बड़ी कार्रवाई की तारीफ भी हो रही है और साथ में लोग यह भी उम्मीद लगाए हुए हैं कि यह मुहिम आगे भी इसी तरह चलती रहे। हिमाचल में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के लिए सभी जिलों में स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गई है, जो रोजाना इस धंधे में शामिल लोगों को पकड़ रही है। एक महीने के दौरान ही अब तक 173 लोगों को सलाखों के पीछे धकेला जा चुका है। पकड़े गए तस्करों में 161 भारतीय और 12 विदेशी, मुख्यतः नेपाली मूल के हैं। नशे के इस कारोबार में शामिल छह महिलाएं पकड़ी गई हैं। अब तक एक महीने में करीब 58 किलो चरस पकड़ी गई। चरस के कारोबार से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में कुल्लू, शिमला, मंडी और सोलन जिला शामिल हैं। कुल्लू में 14, सोलन में दस, मंडी में 9.5 व शिमला में 8.3 किलो चरस पकड़ी गई। चरस के अलावा 1.5 किलो अफीम, 157 किलो चूरापोस्त, 58 किलो गांजा पकड़ा गया है। चरस, अफीम जैसे पारंपारिक मादक द्रव्य ही नहीं, बल्कि अब देवभूमि में बाहरी राज्यों से स्मैक, हेरोइन, ब्राउन शुगर, कोकीन जैसे मादक द्रव्य भी पहुंच रहे हैं। एक महीने की अवधि में करीब 145 ग्राम हेरोइन, करीब आठ ग्राम स्मैक, तीन ग्राम ब्राउन शुगर और करीब 20 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। 6300 टेबलेट, 16274 कैप्सूल, 105 बोतलें, 55 नशीले इंजेक्शन भी पुलिस ने पकड़े हैं।

प्रदेश में आगे भी जारी रहेगा अभियान

हिमाचल में पहली बार यह हुआ है कि मादक द्रव्य पकड़ने वाले पुलिस कर्मियों के लिए इनामी योजना घोषित की गई है। इसके तहत 100 ग्राम से ज्यादा मादक पदार्थ पकड़ने पर प्रशंसा पत्र व इनाम तथा आठ किलो से अधिक मादक पदार्थ पकड़ने पर डीजीपी डिस्क दी जा रही है। अभी तक एक पुलिस कर्मचारी को डीजीपी डिस्क एवं 22 कर्मियों को प्रथम श्रेणी प्रशंसा पत्र व 7100 रुपए पुरस्कार के तौर पर स्वीकृत किए गए हैं। एसपी, पुलिस मुख्यालय, खुशहाल शर्मा ने कहा कि राज्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के पहले एक महीने में पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App