नादौन में शादी के दिन ही दुल्हन फुर्र

By: Feb 4th, 2018 12:15 am

धरी की धरी रह गई विवाह की सारी तैयारियां, दूल्हे समेत रिश्तेदार सकते में

नादौन — शादी की रस्मों के बीच दुल्हन अचानक फुर्र हो गई। बैंड बाजा व बारात सिर्फ दुल्हन का इंतजार करनी रही। बाद में पता चला कि दुल्हन सबका बैंड बजाकर फरार हो गई है। हालांकि जिस दिन दुल्हन गायब हुई,उस दिन भी घर में धाम रखी गई थी। बैंड बाजा तैयार था, बस नाचने के लिए दूल्हा-दुल्हन का इंतजार हो रहा था। सुबह जब दुल्हन के गायब होने की खबर उड़ी तो सबके पांव तले जमीन खिसक गई। रिश्तेदार समझ नहीं पा रहे थे कि अब शादी की बधाई दें कि घर लौट जाएं। वहीं रसोईए व बैंड बाजे वाले भी हैरत में थे। यह वाकया उपमंडल नादौन की एक पंचायत का है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सायं के समय डीजे लगा कर परिजनों व दूल्हे राजा ने अपने सगे संबंधियों व दोस्तों के साथ मिल कर विवाह करके घर लाई दुल्हन की उपस्थिति में काफी देर तक डांस करके अपनी खुशी का इजहार किया।  हालांकि जहां से लड़की लाई गई, वहां पर भी इन्होंने मदिर में भगवान के सामने सात फेरे लिए। बाद में घरवालधों ने अपने रीति-रिवाज के साथ शादी करने की बात कही। इस कारण घर में भी शादी समारोह आयोजित किया गया। शनिवार को ज्वालाजी मंदिर में शादी की रस्म एक बार फिर अदा होनी थी। इस रस्म से पहले ही शनिवार सुबह पांच बजे के करीब दुल्हन गायब हो गई। हालांकि शुक्रवार रात को ही धाम बनाने वाले रसोइए तथा बैंड-बाजे वाले भी पूरी तैयारी के साथ पहुंच गए। पूरे गांव को धाम के लिए बुलाया गया था। जैसे ही शनिवार सुबह सब लोग जागे तो दुल्हन  कमरे से गायब पाई गई। पहले तो सबने सोचा कि कहीं बाहर गई होगी लेकिन काफी देर तक ढू़ढने पर भी जब उसका पता नहीं चला तो दूल्हे राजा सहित परिजनों के हाथ पांव फूल गए। रिश्तेदारों को भी समझ नहीं आ रहा था कि वह अब शादी वाले घर में ही रूकें या अपने घरों की ओर लौट चलें। न ही रसोइए और बाजे वालों को कुछ समझ आ रहा था कि क्या करें। बेचारे बाजे वालों को तो घर में बाजा बजाने का ही मौका तक नहीं मिला, क्योंकि दुल्हन अपने तरीके से सब का बैंड बजाकर फरार हो चुकी थी। इस घटना की क्षेत्र भर में चर्चाओं का माहौल गर्म है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App