निरमंड में छह पुश्तैनी घर राख

By: Feb 24th, 2018 12:10 am

आनी  – शुक्रवार सुबह करीब दस बजे निरमंड खंड के अंतर्गत शिल्ली पंचायत के डिगैनी गांव में लगी भयंकर आग में छह घरों के 28 कमरे पूरी तरह राख हो गए। आग से 17 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग से यहां के पुश्तैनी मकान राख के ढेर में तबदील हो गए। शिल्ली पंचायत के उपप्रधान लालचंद बिष्ट ने बताया कि यहां के जंगल में लगी भयंकर आग तेज आंधी के चलते अचानक गांव की ओर बढ़ी, जिसमें यहां बने पुश्तैनी मकान आग की जद में आ गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के भरकस प्रयास किए, लेकिन लकड़ी के मकान होने के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। मौके पर रामपुर से दमकल विभाग भी पहुंचा। प्रशासन की ओर से एसडीएम आनी पूजा चौहान, तहसीलदार निरमंड नीरजा, नायब तहसीलदार प्रदीप चंदेल, पटवारी किशोरी लाल और जिप सदस्य पप्पी बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आग में पुश्तैनी लकड़ी के दोमंिजला मकान जले हैं, जबकि मकान कई आंशिक रूप से भी जले हैं। आग से छह मकानों के 28 कमरे, दो गोशालाएं, दो पशु, एक स्टोर, एक कार और 40 घास की टोलियां जलकर राख हो गईं। आगजनी से 17 परिवार प्रभावित हुए हैं। मकानों में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। हालांकि इन घरों में कोई नहीं रहता था। प्रभावितों में केशव राम, हुकमराम, बेलीराम, भोगाराम, राजेंद्र पाल, बृजलाल, वीरेंद्र सिंह, रामलाल, देवेश कुमार, राजकुमार, श्याम सिंह, रमा देवी, सीता देवी, ताबेराम, टेक सिंह, शेर सिंह, यशपाल शामिल हैं। यहां सड़क पर वनरक्षक सतपाल ने अपनी कार खड़ी की थी, वह भी जल गई। बेलीराम की एक जर्सी गाय और ताबेराम की एक जर्सी बछड़ी भी जल गई। इसके अलावा ग्रामीणों की 40 घास की टोलियां भी जलकर राख हो गईं। प्रशासन की ओर से करीब 32 लाख का नुकसान आंका गया है। एसडीएम आनी पूजा चौहान सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को फौरी राहत दी जा रही है। उधर, विधायक किशोरी लाल सागर और पूर्व कांग्रेस विधायक खूबराम आनंद ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App