पति के वियोग में छोड़ी दुनिया

By: Feb 25th, 2018 12:16 am

नादौन में दंपति का एक साथ निधन, मौत का सदमा सह नहीं पाई पत्नी

नादौन — शादी के सात फेरों में साथ जीने की कसमें खाने वाले दंपति को मौत भी अलग नहीं कर सकी। दोनों को चिताएं  एक साथ जलीं। पहले पति ने दम तोड़ा और कुछ ही समय बाद पत्नी की सदमे से मौत हो गई। पति-पत्नी की चिताएं शनिवार को एक साथ जलीं ।  हर कोई इस दंपति को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंच गया। श्मशानघाट में भी अंतिम विदाई देने वालों का जमघट लगा रहा। दोपहर बाद लोग संस्कार की रस्म पूरी कर वापस लौटे हैं।  दंपति की मौत से क्षेत्र में मातम पसर गया है। तीन बच्चों के सिर से मां-बाप का साया एक साथ उठ गया।   जानकारी के अनुसार विकासखंड नादौन की पंचायत घलूं में पति-पत्नी की चिताओं का एक साथ दाह दिया गया। काफी संख्या में क्षेत्र के लोग इस दंपति को आखिरी विदाई देने के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि रत्न चंद (68) निवासी घलूं  शुक्रवार शाम को दुकान से सामान लाने गए थे। दुकान से सामान खरीदने के बाद वह  गिर गए। लोगों ने उन्हें नादौन अस्पताल पहुंचाया । यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इनकी मौत हृदयगति रुकने से हुई बताई गई। इसके उपरांत पार्थिव देह को घर लाया गया। इस दौरान जब उनकी पार्थिव देह  ले जाने का प्रयास किया जा रहा था तो उनकी पत्नी कांता देवी  ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। कांता देवी अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। कांता देवी की मौत से पूरा माहौल मातम में तबदील हो गया। हर कोई परमात्मा के इस कहर को कोस रहा था। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. नरेश, पंचायत प्रधान बीना देवी, पूर्व प्रधान रमेश चंद, जसवंत प्रेमी, सतीश कुमार आदि ने बताया कि पति-पत्नी की मौत हुई है। रत्न चंद व कांता देवी अपने पीछे दो बेटे व एक बेटी छोड़ गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App