प्रदेश अध्यक्ष को सम्मान दें वीरभद्र

By: Feb 23rd, 2018 12:05 am

हमीरपुर  —जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की मासिक बैठक पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने की। बैठक में मुख्यातिथि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने शिरकत की। बैठक में जिला कांग्रेस ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया और विधानसभा चुनावों में जिला में तीन सीटें जीतने पर हमीरपुर की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। बैठक में एक अन्य प्रस्ताव में जिला कांग्रेस के सभी नेताओं ने एकमुश्त तरीके से हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयान की कड़ी निंदा की है और कहा कि अच्छा  होता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उनके एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जिला हमीरपुर में आई तीन सीटों के लिए जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते। उनके बयान से कार्यकर्त्ताओं का मनोबल गिरता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद का सम्मान होना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू अच्छा काम कर रहे हैं। एक अन्य पारित प्रस्ताव में जिला कांग्रेस ने कहा कि पार्टी से बाहर निकाले गए भितरघात करने वालों को पार्टी हाईकमान ने बाहर का रास्ता ब्लॉक कांग्रेस के पारित प्रस्ताव के ऊपर की गई कार्रवाई के तहत ही किया है। इसका जिला कांग्रेस हार्दिक स्वागत करती है, ताकि भविष्य में ऐसे भितरघात करने वालों को सबक मिले। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए कि हर माह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन सुनिश्चित करें, जिससे कि संगठन को मजबूत किया जा सके। बैठक में पूर्व विधायक अनीता वर्मा, रिसर्च डिपार्टमेंट चेयरमैन सुनील शर्मा, प्रेम कौशल, राजिंद्र जार, अतुल , सुमन भारती, राम चंद  अजय , राजेश , तेज नाथ, तेज, सुदर्शन शर्मा, मदन लाल, कैप्टन पृथ्वी चंद, राजिंद्र , विपन  सुरिंदर गुप्ता, सुनील , मनोज , विवेक  केसी भाटिया, बलवंत चौधरी, हसनद्दीन, त्रिभुवनेश्वर, राजेश पठानिया, उत्तम चौधरी और नीलम ठाकुर आदि कांग्रेस के नेता मौज़ूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App