प्रदेश में चढ़ने लगा दिन का पारा

By: Feb 20th, 2018 12:16 am

 का पूर्वानुमान, प्रदेश में कल से करवट बदलेगा मौसम

शिमला – हिमाचल प्रदेश में चटक धूप खिलने से दिन तपने लगे हैं। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अहसास होने लगा है। सोमवार को तेज धूप खिलने से ऊना का पारा 27.0 डिग्री से पार हो गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में भी दिन के समय गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे राज्य में मंगलवार को भी मौसम शुष्क बना रहेगा, मगर विभाग द्वारा 21 से 25 फरवरी तक फिर से राज्यभर में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। इस तरह फिर से समूचे राज्य को ठंड अपनी चपेट में ले सकती है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में उछाल आया है। भुंतर को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी आई है। वहीं, राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.5, सुंदरनगर में 25.1, भुंतर में 24.0, कल्पा में 14.6, धर्मशाला में 18.6, ऊना में 27.8, नाहन में 21.5, सोलन में 21.0, कांगड़ा में 24.4, बिलासपुर में 24.4, हमीरपुर में 25.5, चंबा में 23.3, और डलहौजी में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में मंगलवार को भी प्रदेश शुष्क बना रहेगा। राज्य में 21 फरवरी से मौसम करवट लेगा। इस दौरान मैदानों में बारिश, पहाड़ों पर कई स्थानों पर फिर से हिमपात होगा। राज्य में यह क्रम 25 फरवरी तक जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App