प्रदेश में 50 सड़कें अभी भी बंद

By: Feb 15th, 2018 12:01 am

दुर्गम इलाकों में कम सुधरे हालात, लोक निर्माण विभाग बहाली में जुटा

शिमला— प्रदेश में मौसम साफ रहने के बाद लोगों को राहत मिली है और अब जीवन भी पटरी पर लौटने लगा है। बुधवार को मौसम साफ रहने से बर्फबारी के बाद बंद कई सड़कों को खोल दिया गया। हालांकि अब भी अत्यधिक ऊंचाई व दुर्गम क्षेत्रों में करीब 50 सड़कें बर्फ के कारण बंद है, जिनको खोलने के प्रयास जारी हैं। माना जा रहा है कि गुरुवार तक राज्य में सभी सड़क मार्गों को बहाल कर दिया जाएगा। प्रदेश में बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ होने से लोगों को राहत मिली है। बुधवार को राज्य में मौसम साफ रहा और इससे सड़क मार्गों को खोलने का समय लोक निर्माण विभाग को मिल गया। धूप खिलने से सड़कों पर जमी बर्फ बुधवार को काफी पिघल गई, वहीं लोक निर्माण विभाग ने भी सड़कों को खोलने का काम जारी रखा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में बीते दो दिनों में में हुई बर्फबारी जहां खेती व बागबानी के लिए राहत लेकर आई है, वहीं इससे कुछ दिक्कतें भी आई हैं। बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में भारी संख्या में सड़कें बंद हो गई थीं। बर्फबारी के चलते राज्य में मंगलवार दोपहर तक करीब 167 सडकें बर्फबारी से बंद हो गई थी, हालांकि इनमें 67 सड़कें उसी शाम तक खोल दी गई थीं। वहीं बाकी स़ड़कों को खोलने का काम बुधवार को किया गया। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता आरपी वर्मा का कहना है राज्य में बंद पड़ी अधिकांश सड़कों को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बर्फ वाले इलाकों में पर्याप्त संख्या में जेसीबी, स्नो कटर लगाए गए हैं और मजदूरों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार तक सभी सड़कों को प्रशासन बहाल कर देगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App