प्रधान सचिव, डीसी, एसपी संग पांच को नोटिस जारी

By: Feb 18th, 2018 12:04 am

जंजैहली आंदोलन पर हाई कोर्ट सख्त

मंडी— सराज के जंजैहली में एसडीएम कार्यालय की अधिसूचना रद्द होने के बाद चल रहे आंदोलन पर हाई कोर्ट सख्त हो गया है। हाई कोर्ट ने इस मामले में एक याचिका पर संज्ञान लेते हुए  मंडी जिला प्रशासन और आंदोलन से जुडे़ पांच लोगों को नोटिस जारी किया है। हाई कोर्ट ने यातायात बाधित करने, शिक्षण एवं अन्य संस्थानों को जबरन बंद करवाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। हाई कोर्ट ने प्रदेश सरकार, उपायुक्त मंडी व पुलिस अधीक्षक को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कारगर कदम उठाने के लिए भी कहा है। हाई कोर्ट ने अपने आदेशों में कहा कि सरकार इस बात को निश्चित करे कि इस आंदोलन के कारण आम जनता को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पडे़। बता दें कि अधिसूचना रद्द होने के बाद जंजैहली में लगातार आंदोलन जारी है,जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है, जिसके बाद हाई कोर्ट के अवकाश न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत थुनाग कील प्रधान नीलिमा कुमारी की याचिका पर यह आदेश दिए हैं। इसके बाद हाई कोर्ट ने प्रदेश सरकार प्रधान सचिव, उपायुक्त मंडी, पुलिस अधीक्षक मंडी व आंदोलन कर रहे मिल्क फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता चेतराम ठाकुर, सराज मंडल कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, संघर्ष समिति के पदाधिकारी वेद प्रकाश , नरेंद्र ठाकुर  व नरेंद्र कुमार को नोटिस जारी किया है। हाई कोर्ट ने आंदोलन कर रहे लोगों को चेताया है कि वे अपना आंदोलन संविधान में तय सीमा के अंदर रहकर चलाएं। आंदोलन से आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा व सरकारी को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। अन्यथा इनके विरुद्ध कोर्ट की अवमानना का केस चल सकता है। हाई कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। वहीं याचिकाकर्ता नीलिमा कुमारी ने कहा है कि जंजैहली एसडीएम कार्यालय व छतरी में उपतहसील की अधिसूचना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की बैंच ने चार जनवरी को रद्द की थी। कोर्ट के इस फैसले के बाद आंदोलन कर रहे प्रतिवादियों ने जंजैहली में कई बार यातायात बाधित किया। दुकानें बंद करवाई। पुलिस पर पथराव किया और सरकारी वाहनों को जलाने का प्रयास किया।

जंजैहली में फिर प्रदर्शन

थुनाग— जंजैहली में उपजा विवाद व आंदोलन लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के समझाने के बाद भी उपजा आंदोलन शांत होने का नाम ही नहीं ले रहा है।  शनिवार को भी जंजैहली में संघर्ष समिति के बैनर तले लेग इकठठा हुए और जंजैहली बाजार में काले झंडे हाथों में पकड़ कर सरकार का विरोध किया।  बाजार में काले झंडों के साथ रैली निकाली।  संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेडडी ने कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं करती तक आंदोलन यूं ही चलता रहेगा।  उन्होंने कहा कि  पंचायत के बूथ स्तर पर कमेटियां गठित करेंगे और पंचायत में आंदोलन चलाया जाएगा। जस्सी देवी ने कहा कि मुझ पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है कि मैं लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App