मौसमी सब्जियां बेच किसान हो रहे मालामाल

By: Feb 19th, 2018 12:02 am

चंडीगढ़ — हरियाणा में बागवानी के कदम बढ़ रहे हैं, कलस्टर में बागवानी विकास अपनी गति पकड़ रहा है। इस संदर्भ में जिला अंबाला में किसान सब्जियों की खेती से भरपूर फसल उगा रहे हैं। उनका मानना है कि सब्जियों की खेती करने से किसानों को हाथों-हाथ फसल के दाम मिल जाते हैं, जबकि धान एवं गेहूं की फसल के लिए किसान को छह महीने का लंबा इंतजार करना पड़ता है। सब्जियों की खेती की तरफ  किसानों का ऐसा ऐसा रूझान बढ़ा है कि शिक्षित युवा भी बागवानी खेती को बिजनेस के रूप में लेने लगे हैं। यही नहीं, विदेश से पढ़ाई कर वापस लौटे युवा भी बागवानी की ओर अग्रसर हो रहे हैं। जिला अंबाला में 2490 हैक्टेयर क्षेत्र में बाग, 27978 हैक्टेयर क्षेत्र में सब्जियां, 595 हैक्टेयर क्षेत्र में मसाले, 36.6 हैक्टेयर क्षेत्र में मैडिसिनल फसल और 5.2 हैक्टेयर क्षेत्र में फूल की खेती हो रही है। इसके अतिरिक्त मशरूम का 93766 टन उत्पादन किया जा रहा है।  गांव कोटकचुछा निवासी कमलजीत के अनुसार उनके परिवार के सदस्य वर्ष 1995 से बागवानी की खेती करने लगे थे, उस समय 30 एकड़ भूमि में सब्जियों की खेती की जाती थी। जो आज 40 एकड़ भूमि पर मात्र सब्जियों की ही खेती की जाती है। इस खेती में लो-टरनल एवं सूक्ष्म सिंचाई विधि को अपनाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App