राजस्थान चुनावों में भाजपा की हार बयां हुई ?

By: Feb 9th, 2018 12:08 am

प्रो. एनके सिंह

लेखक, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन हैं

राजस्थान उपचुनाव के परिणाम किसी मोहभंग का नतीजा हैं अथवा भाजपा के पतन की शुरुआत हो चुकी है, यह अगले कुछ महीनों में स्पष्ट हो जाएगा। कुछ लेखकों व मीडिया ने यह अवलोकन करना शुरू कर दिया है कि क्या ये नरेंद्र मोदी के पतन के संकेत हैं? केंद्र की सत्ता में नरेंद्र मोदी के उत्कर्ष के बाद से ही कुछ ताकतें, जिनके अब विशेषाधिकार व लाभ की स्थिति खत्म हो गई है, इस मौके का इंतजार कर रही थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कठोर व्यवहार से अपने दुश्मनों की एक फौज खड़ी कर ली है…

हाल ही में संपन्न हुए राजस्थान उपचुनाव के परिणाम क्या भारतीय जनता पार्टी की पराजय के संकेत हैं? मरुभूमि ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए जानी जाती है, पर अब यहां घूमने के लिए आने वाले लोग यहां उभर रही छवियों से गुमराह हो रहे हैं। ये परिणाम किसी मोहभंग का नतीजा हैं अथवा भाजपा के पतन की शुरुआत हो चुकी है, यह अगले कुछ महीनों में स्पष्ट हो जाएगा। कुछ लेखकों व मीडिया ने यह अवलोकन करना शुरू कर दिया है कि क्या ये नरेंद्र मोदी के पतन के संकेत हैं?

केंद्र की सत्ता में नरेंद्र मोदी के उत्कर्ष के बाद से ही कुछ ताकतें, जिनके अब विशेषाधिकार व लाभ की स्थिति खत्म हो गई है, इस मौके का इंतजार कर रही थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कठोर व्यवहार से अपने दुश्मनों की एक फौज खड़ी कर ली है। इनमें नेता व पत्रकार भी हैं, जो हमेशा उन्हें नीचा दिखाने को तत्पर रहते हैं। गौरतलब है कि बुद्धिजीवियों की इस जमात को तिल का ताड़ बनाने की महारत पहले से ही हासिल है। उनकी पार्टी में ही कई ऐसे चेहरे हैं, जो उनके खिलाफ अभियान चलाए हुए हैं। ऐसे लोगों में एक नाम शत्रुघ्न सिन्हा का भी है, जो मानते हैं कि उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाना चाहिए था। यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी भी मोदी के विरोधियों में गिने जा रहे हैं। मोदी से नाराज लोगों में ये नेता मिसाल मात्र हैं। मोदी पर हर रोज आरोप लग रहे हैं कि उनकी कार्यशैली तानाशाही वाली है। विरोध में उतरे ये लोग पार्टी का अनुशासन भंग कर रहे हैं और मोदी इन्हें चुप कराने की दिशा में भी कोई काम नहीं कर रहे हैं। क्या यह तानाशाही है अथवा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी?

यह सर्वथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग है। इसके बावजूद तानाशाही के आरोप जारी हैं, जबकि चीन समेत पूरा विश्व मोदी के कौशल व ताकत को स्वीकार कर रहा है। राजस्थान में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए ये चुनावी परिणाम जरूर आंखें खोल लेने वाले हैं, क्योंकि वह लोकसभा की दोनों सीटों व एक विधानसभा सीट पर हार का सामना कर चुकी है। अब तक हुए चुनावों व कई उपचुनावों में कांगे्रस पिछड़ रही थी, लेकिन इस बार उसने विरोधी भाजपा को निश्चय ही पछाड़ा है। वह फिर से उभर कर सामने आई है। भाजपा के लिए इस हार के जहां निहितार्थ हैं, वहीं जीतने वाली पार्टी के लिए भी यह कुछ संकेत करते हैं। भाजपा ने सोचा कि गुजरात के बाद वह पड़ोसी राजस्थान में जीत जाएगी। इस स्वप्निल जीत के उसने अपनी सहूलियत के हिसाब से कई कारण भी गढ़ लिए थे। राजस्थान एक हिंदू बहुल राज्य है, जहां के राजपूत लोग अपना एक खासा प्रभाव व सम्मान रखते हैं। पद्मावत फिल्म को लेकर उठे विवाद में इस समुदाय का साथ देकर भी पार्टी कुछ हासिल नहीं कर पाई। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा को पछाड़ने के लिए कांग्रेस ने ही इस फिल्म को लेकर षड्यंत्र रचा। इससे हिंदू वोट बैंक बंट गया। इस संबंध में अनेक तर्क दिए जा रहे हैं, पर इस तरह के अभियान का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं है। हालांकि सभी राज्यों में भाजपा की स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है। इसके बावजूद दो लोकसभा सीटों पर लाखों के अंतर से हार जाना पार्टी के लिए सदमे की बात है। सरकार की दृष्टि से देखें दो राजपूत करणी सेना के विरोध को शांत करने के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ और यह सरकार की विफलता है। सवाल यह उठ रहा है कि जब फिल्म में से आपत्तिजनक दृश्य हटा दिए गए, उसके बाद भी समुदाय के नेताओं को विरोध वापस लेने के लिए सरकार क्यों नहीं मना पाई।

इसके विपरीत पंजाब और हरियाणा ने अच्छी मिसाल पेश की जहां फिल्म में संशोधन के बाद विरोध को शांत करा दिया गया और वहां फिल्म का शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी हो गया। चुनाव को देखते हुए यह माना जा सकता है कि राजस्थान सरकार को जोखिम नहीं लेना चाहिए था, लेकिन समुदाय की जायज मांगों को पूरा करते हुए उसे समय रहते इस मसले को सुलझा लेना चाहिए था। वह ऐसा नहीं कर पाई और उसे नुकसान उठाना पड़ा। इसके विपरीत कांग्रेस ने इस मामले में कुशलता के साथ काम करते हुए एक प्रभावकारी भूमिका निभाई। सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने ऐसे क्षणों में कांगे्रस का प्रभावी नेतृत्व किया। भाजपा के नेता आपस में लड़ते व पार्टी में तोड़फोड़ करने में लगे रहे। इसके विपरीत कांग्रेस ने नेता घोषित किए बिना ही पार्टी में प्रभावी कार्यात्मक संबंध बनाए रखे। कांगे्रस के भीतरी सूत्र बताते हैं कि पार्टी में यह कानाफूसी आम है कि कांग्रेस के ये दोनों नेता एक-दूसरे को देखना तक पसंद नहीं करते। इसके बावजूद सार्वजनिक रूप से उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया, जिससे जनता में पार्टी की छवि खराब हो। इसके अलावा सरकार विरोधी स्वाभाविक लहर और वसुंधरा राजे सिंधिया का अकुशल प्रबंधन वे कारक हैं, जिसके चलते कांगे्रस को भाजपा पर बढ़त मिल गई।

इस सबके बावजूद अब दोनों दल 2019 के आम चुनाव के मुहाने पर खड़े हैं, जहां दोनों को जिम्मेदारी से काम करना है। किसी भी दल द्वारा अगर किसी स्तर पर कोताही बरती गई, तो वह आम चुनावों के परिणामों में एक बड़ा अंतर पैदा कर सकती है। अतीत ऐसे उदाहरणों से भरा पड़ा है, जहां छोटी सी गलती की भी बड़ी सजा भुगतनी पड़ी है। इससे दोनों ही बड़े दलों को सबक लेने होंगे। यह भी सत्य है कि कांग्रेस की यह जीत ही आगामी चुनाव में उसकी जीत के लिए पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस को नेतृत्व के गंभीर मसले से निपटना है, जबकि मोदी को अमित शाह के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलना है। इस बार के बजट में किसानों के लिए राहत की जो घोषणा की गई है तथा आम आदमी के लिए स्वास्थ्य बीमे की घोषणा भी भाजपा के लिए मददगार साबित हो सकती है। इन दो योजनाओं के बूते वह बचाव कर सकती है। हालांकि मोदी हर स्थिति का सामना प्रभावकारी ढंग से कर रहे हैं, इसके बावजूद पार्टी में चल रही टूट-फूट वाली गतिविधियों के कारण ऐसा माहौल पैदा हो गया है, जहां उसके समर्थक अनिश्चय की स्थिति में आ गए हैं।

ई-मेल : singhnk7@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App