शोभायात्रा से बैजनाथ शिवरात्रि का आगाज

By: Feb 14th, 2018 12:12 am

बैजनाथ—बैजनाथ में मनाए जाने वाले पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोसत्व का शुभारंभ शोभायात्रा से किया गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर स्थानीय विधायक मुलखराज प्रेमी, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी, पूर्व विधायक दूलो राम, मंडल अध्यक्ष कर्ण जम्वाल, जिलाध्यक्ष विनय शर्मा, हिमांशु मिश्रा व अनिल शर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने शोभायात्रा में भाग लिया है। शोभायात्रा विश्राम गृह से बाजार होती हुई शिव मंदिर पहुंची, वहीं पर मुख्यातिथि शांता कुमार ने शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर हवन में आहुतियां डालीं। इस मौके पर पहाड़ी क्षेत्रों से आए देवता भी विराजमान हुए। महाशिवरात्रि पर्व पर रात भर से भारी बरसात भी शिव भक्तों के कदम नहीं रोक पाई। मंगलवार सुबह तीन बजे से शिव भक्त शिव मंदिर पहुंचने शुरू हो गए, यह क्रम दिन चलता रहा। सुबह आठ बजे के बाद मौसम के साफ होते ही शिव भक्तों का आगमन बढ़ता गया। भक्तों की लाइनें उद्यान तक जा पहुंचीं, जो रात को होने वाली आरती तक जारी रहीं। शिवरात्रि पर 42 हजार भक्तों ने भोलेनाथ से आशीर्वाद लिया। इस दौरान भक्तों ने भंडारों में भी प्रसाद ग्रहण किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App