सधोट की ऋषिका, डोहग की प्रियंका नर्सिंग लेफ्टिनेंट

By: Feb 17th, 2018 12:03 am

धर्मपुर— विधानसभा क्षेत्र की सधोट पंचायत की ऋषिका शर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर पिता ब्यास देव शर्मा व माता वीना शर्मा के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऋषिका शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा हिमालयन पब्लिक स्कूल सरकाघाट और जमा दो की पढ़ाई हमीरपुर से की है।  उसके बाद बीएससी नर्सिंग एम्स दिल्ली से हुई है। ऋषिका शर्मा ने अक्तूबर, 2017 में एमएनएस की परीक्षा दी, जिसमें ऋषिका शर्मा को लेफ्टिनेंट का पद मिला है। ऋषिका शर्मा 26 फरवरी को कमांड अस्पताल लखनऊ में ड्यूटी ज्वाइन करेंगी। ऋषिका शर्मा के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और माता गृहिणी हैं। बड़ी बहन ने भी एमएससी तक पढ़ाई की है और भाई एमबीए करके बैंक में कार्यरत है।  ऋषिका शर्मा अपनी कामयाबी के लिए माता-पिता भाई रितेश शर्मा व गुरुजनों को श्रेय देती हैं। वहीं ऋषिका को आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन विनोद ठाकुर, सधोट पंचायत के पूर्व उपप्रधान कुलदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान जितेंद्र ठाकुर, सरकाघाट नगर पंचायत के अध्यक्ष संदीप वशिष्ट, पूर्व उपाध्यक्ष राजेश कौंडल, माकपा नेता भूपेंद्र सिंह व मुनीष शर्मा ने बधाई दी है।

जोगिंद्रनगर— करीबी ग्राम पंचायत डोहग के टटाणका गांव की प्रियंका  ठाकुर आर्मी नर्सिंग परीक्षा उतीर्ण कर भारतीय वायु सेना में लेफ्टिनेंट बनी है। प्रियंका के लेफ्टिनेंट बनने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर से अपनी जमा दो कक्षा उत्तीर्ण करने वाली टटाणका गांव की प्रियंका ठाकुर ने बताया कि वह 26 फरवरी को कानपुर में ड्यूटी ज्वाईन करेंगी। प्रियंका के दादा शंकर दास भारतीय सेना में अपनी सेवांए दे चुके हैं, जबकि  पिता अमर सिंह सेना  भारतीय सेना के पश्चात अब भारतीय रेलवे में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं उनकी माता सुभद्रा एक गृहिणी हैं। प्रियंका के अनुसार बचपन से ही दादा और पापा की तरह वह भी सेना में भर्ती हो कर देश की सेवा करना चाहती थी। नर्सिंग करने के बाद उन्होंने आईजीएमसी शिमला में अपनी सेवाएं प्रदान कीं तथा उसके बाद प्रियंका जयपुर नारायण अस्पताल में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने वायुसेना के लिए परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App