हरिमन शर्मा सर्वोच्च कृषक सम्राट

By: Feb 28th, 2018 12:03 am

छह मार्च को दिल्ली में केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री करेंगे सम्मानित

बिलासपुर— बिलासपुर के बागबान हरिमन शर्मा अब कृषि क्षेत्र में देश के सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान से नवाजे जाएंगे। दिल्ली के अशोका होटल में पांच से लेकर आठ मार्च तक राष्ट्रीय स्तर पर महिंद्रा समृद्धि एग्री अवार्ड समारोह आयोजित किया जा रहा है। हरिमन शर्मा को यह सम्मान इसी समारोह में छह मार्च को केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह द्वारा दिया जाएगा। इसके तहत हरिमन शर्मा को 2.51 लाख रुपए की नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। द्वितीय और तृतीय सम्मान राजस्थान राज्य के मदनलाल देवड़ा और आशीष अली को मिलेगा, जिसमें उन्हें 51-51 हजार रुपए की नकद राशि मिलेगी। इस सम्मान समारोह में कृषि क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर के केवल प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार तय किए गए हैं, जबकि युवा और महिला पुरस्कारों के अलावा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को भी सम्मान के लिए चुना गया है। इसके अलावा देश भर में कार्यरत कृषि विज्ञान केंद्रों की अचीवमेंट्स को लेकर भी एक पुरस्कार दिया जाएगा। हिमाचल जैसे छोटे पहाड़ी राज्य के लिए देश का सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान मिलना बड़े गर्व का विषय है। हरिमन शर्मा ने बताया कि वर्षों की कड़ी मेहनत का असल परिणाम अब मिलने जा रहा है। इस मुकाम तक पहुंचना उनका सपना ही नहीं, बल्कि एक लक्ष्य भी था। उन्होंने बताया कि इस अवार्ड के लिए देश भर से किसान-बागवानों द्वारा लाखों की संख्या में आवेदन किए गए थे। इस अवार्ड के लिए चयन को लेकर मुंबई, कोलकाता और अंतिम बैठक में दिल्ली में हुई थी, जिसमें हरिमन शर्मा को कृषक सम्राट सम्मान के लिए चुना गया। हरिमन शर्मा ने बताया कि 22 फरवरी को दिल्ली से महिंद्रा कंपनी की ओर से प्रतिनिधियों की एक टीम उनके गांव पनियाला पहुंची थी, जिसमें एक न्यूज चैनल के प्रतिनिधि भी शुमार थे, जिन्होंने उनके बागीचे को शूट किया और उनका इंटरव्यू भी किया जिसे समारोह के समापन के बाद प्रसारित किया जाना है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में उन्हें उदयपुर में किसान वैज्ञानिक की उपाधि से सुशोभित किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App