हल्दी घाटी के नए योद्धा आरए माशेलकर

By: Feb 21st, 2018 12:12 am

सत्य की खोज में लगातार आगे बढ़ते जाने का नाम ही विज्ञान है। कुछ लोग विज्ञान के इस सिद्धांत को अपने जीवन में उतार लेते हैं। माशेलकर ऐसे ही व्यक्तियों में से एक हैं। फर्श से अर्श तक की उनकी सफलता का सफर किसी के लिए भी प्रेरणा से कम नहीं।

डा. रघुनाथ अनंत माशेलकर का जन्म 1 जनवरी, 1943 को गोवा के मालेश गांव में हुआ। इन्हें रमेश माशेलकर के नाम से भी जाना जाता है। इनके पिताजी का देहांत इनकी छह साल की उम्र में ही हो गया था।

इनकी माताजी सिलाई का काम करके दो वक्त की रोटी का प्रबंध करती थीं। माशेलकर का बचपन बड़ी मुश्किलों में बीता। इनकी आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि 12 साल की उम्र तक नंगे पैर ही स्कूल गए। इनकी प्रारंभिक शिक्षा नगर निगम के ऊपरी खेतवाड़ी के प्राइमरी स्कूल में हुई। मुश्किलों के बावजूद माशेलकर ने दसवीं की परीक्षा में अव्वल स्थान प्राप्त किया।

स्कूल के प्रिंसीपल और विज्ञान के अध्यापक ने इन्हें कहा कि अगर पढ़ाई में ध्यान दोगे, तो आसमान छू लोगे। और माशेलकर ने यही सब करके दिखाया। 1966 में इन्होंने बंबई विश्वविद्यालय(अब मुंबई विश्वविद्यालय) से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की और 1969 में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की। मुंबई विश्वविद्यालय भारत के शुरुआती और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है। इसकी स्थापना 1857 में जॉन विल्सन ने की। माशेलकर काउंसिल ऑफ  सांइटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) के महानिदेशक रह चुके हैं। माशेलकर ने 50 से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।

कई विश्वविद्यालयों ने इन्हें विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में डाक्टरेट की मानद उपाधियों से भी नवाजा। डा. माशेलकर देश की कई महत्त्वपूर्ण कमेटियों और बोर्डों के अध्यक्ष और मेंबर भी हैं। आम लोगों की जुबान पर उनका नाम तब चढ़ा, जब उन्होंने एक अमरीकी कंपनी के हल्दी के पेटेंट कराने के खिलाफ  भारत की तरफ  से लड़ाई लड़ी और सफलता भी प्राप्त की।

उन्होंने आयुर्वेदिक सूत्रों का सहारा लेकर यह साबित किया कि भारत में बहुत प्राचीन काल से ही लोग हल्दी के घावरोधी गुणों से परिचित थे। इसलिए कोई कंपनी घावरोधी गुण के नाम पर  पेटेंट नहीं करवा सकती है। हल्दी की लड़ाई लड़ने के कारण ही इन्हें हल्दीघाटी का नया योद्धा भी कहा जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App