हिमाचल में सफर हुआ महंगा

By: Feb 7th, 2018 12:15 am

सरकार ने एसी-लग्जरी बसों में बढ़ाया 15 फीसदी किराया, पर्यटकों-प्रदेश के यात्रियों के लिए झटका

हमीरपुर – हिमाचल प्रदेश में एसी तथा लग्जरी बसों का किराया बढ़ गया है। छह फरवरी से राज्य की सभी एसी टाटा तथा वोल्वो का बस किराया 15 फीसदी अधिक कर दिया गया है। हिमाचल सरकार ने पांच जनवरी, 2018 को जारी अधिसूचना के तहत लग्जरी बस किराए में छूट दी थी। एक माह बाद सरकार ने इस छूट को वापस लेकर दोबारा बस किराए की नई दरें लागू कर दी हैं। इसके तहत राज्य के भीतर तथा बाहर के रूटों पर चलने वाले टैम्पो ट्रैबल, एसी, वोल्वो तथा टाटा एसी सभी बस सेवाआें का किराया 15 प्रतिशत अधिक लगेगा। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस एक माह की अवधि में वोल्वो तथा टाटा एसी बसों की एक्यूपेंसी पहले के मुकाबले बेहतर आंकी गई है। एचआरटीसी के खजाने को छूट के ऑफर ने मालामाल भी कर दिया है। एचआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि यह छूट सिर्फ ऑफ सीजन में एक माह के लिए दी गई थी। बहरहाल अब किराया बढ़ोतरी के बाद राज्य के पर्यटन स्थलों से दिल्ली के लिए सफर महंगा हो जाएगा। हिमाचल की नई नवेली जयराम ठाकुर की सरकार ने राज्य में 50 नई इलेक्ट्रिक वैन चलाने के लिए कमर कसी है। हालांकि यह व्यवस्था अभी तक रूट के फेर में फंसी हुई है। इन इलेक्ट्रिक वैन को उन मैदानी इलाकों में चलाने की योजना है, जहां पर बस सुविधा न के बराबर है। इसी बीच सरकार ने लग्जरी बसों के किराए में दी गई छूट का फैसला लेकर पर्यटकों और प्रदेश के यात्रियों को झटका दे दिया है। सबसे ज्यादा असर हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों से जुड़ने वाली वोल्वो बस सेवाआें के यात्रियों पर रहेगा। इस फैसले का प्राइवेट ट्रांसपोर्टर को ही लाभ होगा।

महीने बाद वापस लिया छूट का फैसला

भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के तुरंत बाद पांच जनवरी को लग्जरी बसों में छूट का ऐलान किया था। हालांकि न्यू ईयर के चलते क्रिसमिस से लेकर लोहड़ी तक राज्य में पर्यटन का बेहतर सीजन आंका जाता है। बावजूद इसके सरकार ने पर्यटकों को लुभाने तथा हिमाचल के यात्रियों को आकर्षित करने के लिए छूट का ऐलान किया था। इसी बीच ठीक एक माह बाद सरकार ने छूट का फैसला वापस ले लिया है।

दिल्ली के लिए वोल्वो का किराया

स्थान      पहले      अब

हमीरपुर   952       1101

धर्मशाला  1067      1235

शिमला    775        901

मनाली     1296      1498

मंडी       942       1144


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App