100 दिन में बढ़ेगी एचआरटीसी की कमाई

By: Feb 10th, 2018 12:40 am

परिवहन निगम ने तय किया लक्ष्य, बसों की साफ-सफाई पर रहेगा विशेष जोर

धर्मशाला – प्रदेश सरकार के 100 दिन के लक्ष्य निर्धारित करने की योजना में हिमाचल पथ परिहवन निगम ने भी अपने कार्य चिन्हित कर लिए हैं। निगम ने 100 दिनों में चार बिंदुआें पर कार्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें निगम की इनकम बढ़ाने सहित कर्मचारियों पर लंबित मामलों पर निर्धारित समय में निर्णय लिया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के तहत निगम ने कार्य करना आरंभ कर दिया है। निर्धारित बिंदुआें पर कार्य करते हुए 100 दिनों के बाद यह रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी विभागों, निगमों व बोर्डों को 100 दिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश जारी किए हैं। इन निर्धारित 100 दिनों में सरकार भी अपना रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही है। इसी फेहरिस्त में हिमाचल पथ परिवहन निगम को भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। निगम की आमदन बढ़ाने को लेकर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। इसमें सभी रूटों की कमाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे प्रति परिचालक के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। इसमें अच्छी कमाई कर निगम के राजस्व में जमा करवाने वाले परिचालकों को निगम द्वारा प्रोत्साहित किया जा रहा है, जबकि कम कमाई वाले रूटों पर आमदन बढ़ाने के लिए परिचालकों को बूस्ट अप किया जा रहा है। इसके अलावा निगम की बसों में डीजल की खपत कम करने तथा दूरी तय करने की औसत बढ़ाने पर कार्य किया जाएगा। इसमें पेट्रोल पंप संचालकों को भी प्रतिदिन की डीजल खपत की एवरेज रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बसों में बढ़ रही डीजल खपत में बसों की तकनीकी खामी है तो उसे ठीक किया जा रहा है। साथ ही निगम द्वारा बसों की साफ-सफाई पर भी कार्य किया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्यों के तहत निगम के कर्मचारियों पर चार्जशीट सहित अन्य शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करने पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन ऐसे मामलों पर निगम अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि निगम प्रबंधन द्वारा 100 दिन के लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जा रहा है। इसमें विभिन्न बिंदुआें पर कार्य करते हुए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App