21 से पहाड़, 23 से भीगेंगे मैदान

By: Feb 19th, 2018 12:10 am

विभाग का पूर्वानुमान, बर्फबारी के साथ एक-दो जगह हो सकती है बारिश

शिमला — हिमाचल प्रदेश में जनता को इस सप्ताह  फिर से  ठंड का  सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई स्थानों पर लगातार चार दिन तक बारिश-बर्फबारी की उम्मीदें जताई हैं, जो राज्य को फिर से ठंड की चपेट में ले सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत राज्य भर में  20 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। प्रदेश में 21 फरवरी से मौसम करवट लेगा, जो 24 फरवरी तक जारी रहेगा। इस दौरान  23 फरवरी तक प्रदेश के लाहुल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी के ऊपरी क्षेत्रों एक दो  स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी।  24 फरवरी को शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा के कुछ क्षेत्रों सहित सिरमौर में अनेक स्थानों पर बारिश बर्फबारी की संभावनाएं जताई जा रही हैं। राज्य के निचले क्षेत्रों में भी 23-24 फरवरी तक एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। प्रदेश  में रविवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिलने से शिमला कल्पा के अधिकतम तापमान में  उछाल आया है, जबकि राज्य के शेष क्षेत्रों में अधिकतम पारा भी लुढ़का है। न्यूनतम तापमान में फिर से दो से तीन डिग्री सेल्सियस  की गिरावट आई है, जिससे राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।  प्रदेश के सुंदरनगर, ऊना, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में तीन डिग्री तक पारा लुढ़का है, जबकि शिमला, भुंतर, नाहन, सोलन, कांगड़ा  के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। रविवार को राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 16.0, सुंदरनगर में 23.0, भुंतर में 23.4, कल्पा में 12.5, धर्मशाला में 17.2, ऊना में 26.7, नाहन में 20.8, सोलन में 19.6, कांगड़ा में 23.8, बिलासपुर में 23.6, हमीरपुर में 24.3, चंबा में  21.9 और डलहौजी में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि  प्रदेश में 21 फरवरी से मौसम फिर करवट लेगा, जो क्रम 24 फरवरी  तक जारी रहेगा। इस दौरान मैदानों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App