अब है हमारी बारी, तो समझ ले दुनिया सारी

By: Mar 8th, 2018 12:20 am

प्रतिभा को राष्ट्रीय नारी शक्ति पुरस्कार

कुल्लू की बेटी को दिल्ली में महिला दिवस के दौरान राष्ट्रपति कोविंद देंगे सम्मान

भुंतर— सागर परिक्रमा मिशन का हिस्सा बनी हिमाचली बेटी लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल को महिला सशक्तिकरण के लिए मिलने वाले देश के प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार के लिए चुना गया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर गुरुवार को देश का नाम दुनिया में चमकाने वाली जिला कुल्लू के मौहल की प्रतिभा को यह पुरस्कार मिलेगा। राष्ट्रपति भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पुरस्कार बांटेंगे। लिहाजा, समुद्री मिशन के जरिए नारी शक्ति का परिचय देने वाली इकलौती हिमाचली बेटी के जज्बे को राष्ट्रपति सलाम करेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने हर साल महिला दिवस पर प्रदान किए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए इस बार आईएनएसवी तारिणी के जरिए दुनिया भर की सागर परिक्रमा के मिशन में शामिल भारतीय नौ-सेना की छह जांबाज अधिकारियों को चुना है। इस टीम में लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल भी शामिल हैं। इसके अलावा टीम तारिणी की प्रभारी लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी, लेफ्टिनेंट कमांडर पी स्वाथी, लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता, विजया देवी व बी ऐश्वर्य को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। उक्त टीम इन दिनों सागर मिशन के तहत दक्षिण अफ्रीका के कैपटाउन में हैं।

अलका संवार रही युवतियों का भविष्य

पांवटा साहिब — उद्योगपति अलका गोयल आज महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य कर रही हैं। औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी दवा इकाई तिरुपति लाइफ साइंसेज के निदेशक पद पर तैनात रहकर पांवटा साहिब की अलका गोयल ने कुछ ही समय में न केवल अपने औद्योगिक प्रतिष्ठान को काफी ऊंचाइयों तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल कर ली है, बल्कि इस दौरान उन्होंने कई पढ़ी-लिखी बेरोजगार युवतियों को भी कंपनी में काम देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने सीएसआर के तहत अपने कंपनी के अन्य पदाधिकारियों के साथ कई स्कूलों को जरूरत की चीजें प्रदान की हैं। तिरुपति गु्रप कुछ ही वर्षों में हिमाचल प्रदेश के एक विश्वसनीय उद्योगों में शुमार हो गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App