आनी की दिव्या सेना में लेफ्टिनेंट

By: Mar 21st, 2018 12:03 am

आनी — आनी की होनहार बेटी दिव्या मक्कड़ ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिव्या मक्कड़ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा न्यू पब्लिक स्कूल कुल्लू से ग्रहण की। आगे की शिक्षा उन्होंने आनी स्थित हिमालयन मॉडल जमा दो स्कूल में पूरी की। दिव्या ने इस विद्यालय में शिक्षा के साथ विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। दिव्या ने हिमालयन मॉडल स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा हासिल करने के उपरांत राजकीय बहुतकनीकी कालेज हमीरपुर में प्रवेश पाया। यहां से अपने ट्रेड में टॉप कर डिप्लोमा हासिल किया। दिव्या ने प्रौद्योगिकी स्नातक में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर पंजाब से डिग्री हासिल कर पूरे विश्वविद्यालय में टॉप किया। अब उन्होंने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दिव्या की माता शिक्षा को अपनी होनहार बेटी पर नाज है। दिव्या मक्कड़ दो अप्रैल से भारतीय सेना प्रशिक्षण संस्थान अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी चेन्नई ओटी में 11 माह का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App