कलम के सिपाही सुनील शर्मा पंचतत्त्व में विलीन

By: Mar 21st, 2018 12:06 am

भतीजे ने दी चिता को मुखाग्नि, अंतिम यात्रा में शामिल हुए सैकड़ों लोग

बिलासपुर— पत्रकारिता में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले ‘दिव्य हिमाचल’ के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा का मंगलवार को लुहणू स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। भतीजे कार्तिक ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग पहुंचे। सभी के आंखें नम थीं और कोई भी यकीन ही नहीं कर पा रहा था कि वे युवा पत्रकार सुनील शर्मा की शव यात्रा में शरीक हुए हैं। बता दें कि सुनील शर्मा जी का सोमवार को उनके शिमला स्थित आवास में निधन हो गया था, जहां से रात सवा दस बजे उनका शव बिलासपुर स्थित रौड़ा सेक्टर में उनके पैतृक निवास स्थान पर पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। मिलनसार और अपने काम में माहिर कलम के इस धनी को अंतिम विदाई देने के लिए ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया समूह के चेयरमैन भानु धनीजा, प्रधान संपादक अनील सोनी के अतिरिक्त स्थानीय विधायक सदर सुभाष ठाकुर, विधायक रामलाल ठाकुर, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की संयुक्त निदेशक आरती गुप्ता, वरिष्ठ संपादक निदेशक रणजीत राणा, पूर्व सीएम के प्रेस सचिव तेजू शर्मा, पूर्व जिला लोक संपर्क अधिकारी आनंद सोहर, अमर सिंह, राज्य पत्रकार संघ के अध्यक्ष पंडित जय कुमार के अतिरिक्त प्रदेश भर के विभिन्न प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के संवाददाता तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उधर, सुनील शर्मा के आकस्मिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक डा. बीरू राम किशोर, तिलक राज शर्मा, डा. बाबूराम गौतम, जिला परिषद अध्यक्ष अमरजीत बंगा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, महासचिव गोपाल शर्मा, संदीप सांख्यान, प्रवक्ता पवन कौशल, सचिव हेमराज ठाकुर व अन्य कांग्रेसजनों ने गहरा दुख प्रकट किया है और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

सोचा नहीं था दोस्त सीनू ऐसे लौटेंगे बिलासपुर

स्व. सुनील शर्मा के गहरे मित्र विवेक बहल बताते हैं कि बचपन से ही सीनू मजाकिया अंदाज वाले व्यक्तित्व थे। कुछ समय पहले जब वह बिलासपुर आए थे तो जाते समय जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन सोचा नहीं था कि वह दुनिया को ही अलविदा कह जाएंगे।

पापा…पापा….पापा…

जब दिवंगत सुनील शर्मा को घर से अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे तो अपने पापा की लाड़ली मौली शवयात्रा के साथ दौड़ पड़ी और जोर-जोर से पापा…पापा…पापा…चिल्लाती रही। मौली की पुकार सुनकर वहां उपस्थित हर आंख नम हो गई। छोटे हों या बड़े हर किसी की आंख भर आई। इस ह्रदयाविदारक घटना से हर कोई दुखी है।

सुनील शर्मा के निधन से सभी गमगीन

शिमला— हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव सुंदर सिंह वर्मा तथा उपनिदेशक हरदयाल भारद्वाज ने ब्यूरो चीफ सुनील शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि सुनील शर्मा एक वरिष्ठ जर्नलिस्ट थे तथा बेवाक व सच्चाई लिखना हमेशा उनके जहन में रहता था। वे पत्रकार दीर्घा समिति के सदस्य भी थे। उनका निधन पत्रकारिता के लिए एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना असंभव है। उधर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाहटा ने भी सुनील शर्मा के आकस्मिक देहावसान पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

पत्रकार संघ आहत

हिमाचल पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष सुनील वासुदेवा ने भी ‘दिव्य हिमाचल’ के ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

निर्भीक पत्रकार थे सुनील शर्मा

राष्ट्रीय विकास संस्था ने वरिष्ठ पत्रकार सुनील शर्मा के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। संस्था की बैठक में ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा जी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। अध्यक्ष डा. ओपी शर्मा ने सुनील शर्मा को निर्भीक पत्रकार बताया, जिन्होंने ‘दिव्य हिमाचल’ समाचार पत्र को नई दिशा दी। संस्था ने प्रार्थना की कि प्रभु सुनील शर्मा जी की आत्मा को शांति प्रदान करे।

हिमाचल युकां दुखी

शिमला — प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने ‘दिव्य हिमाचल’ के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा के अकस्मात निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रर्थना की है और पीडि़त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

हिमाचल ने खो दिया होनहार जर्नलिस्ट

शिमला — आल इंडिया हिमाचल सोशल बडिज फेडरेशन ने ‘दिव्य हिमाचल’ के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष डीडी डोगरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, महासचिव कंवर हरि सिंह, महासचिव कार्यालय राकेश शर्मा, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण ठाकुर, वेद प्रकाश शर्मा, केएम लाल, मदन हिमाचली आदि ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि हिमाचल ने एक होनहार युवा पत्रकार खो दिया है, जिसकी भरपाई कठिन है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

व्यक्त की संवेदनाएं

शिमला — कांगड़ा कल्चर एंड वेलफेयर सोसायटी के प्रधान डा. ओपी शर्मा, महासचिव डीआर जगोत्रा व अन्य पदाधिकारियों ने राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App