कांग्रेस कल मंडी मे बनाएगी रोडमैप

By: Mar 3rd, 2018 12:15 am

वर्कर्ज को रिचार्ज करने की तैयारी, जिला में बैकफुट पर आ चुकी है पार्टी

शिमला— प्रदेश कांग्रेस ने तीन मार्च को मंडी में जो अधिवेशन बुलाया है, उसमें वर्ष 2019 के लिए रोडमैप तैयार करने की तैयारी है। इसी बहाने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी रिचार्ज किया जाएगा। यह अधिवेशन प्रदेश  में पहली बार हो रहा है। लिहाजा इसमें राजनीतिक व कई अन्य प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों के खिलाफ ये प्रस्ताव हो सकते हैं। यही नहीं, राज्य सरकार की अब तक की कार्यप्रणाली को लेकर भी बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है। इसके अलावा सांसदों से विवरण मांगने के साथ-साथ केंद्र सरकार की कई नीतियों व कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श के बाद आगामी रणनीति तैयार होगी। अधिवेशन में पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी सुशील कुमार शिंदे, सह-प्रभारी रंजीत रंजन सहित कुछ और केंद्रीय नेता भी पहुंच रहे हैं। मंडी इन दिनों भाजपा का खास गढ़ बना है। जब से पंडित सुखराम ने भाजपा का दामन थामा है, तभी से कांग्रेस की दिक्कतें इस संसदीय क्षेत्र में बढ़ी है। उनके कद का पार्टी को यहां कोई बड़ा नेता नहीं मिल पा रहा। इन दिक्कतों में और भी बढ़ोतरी ऐसे में हुई है, जबसे प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसी जिला से बने हैं। दरअसल कांग्रेस के जितने भी दिग्गज भावी मुख्यमंत्रियों की दौड़ में रहे हैं, वे इसी जिले या संसदीय क्षेत्र से पार्टी का प्रतिनिधित्व करते रहे, मगर उन्हें किन्हीं कारणों से आगे नहीं आने दिया गया। भाजपा के लिए यह आने वाले समय में चुनावी तीर हो सकता है। पार्टी के नेता मानते हैं कि मौजूदा अध्यक्ष का यह एक बड़ा प्रयास है, जिससे पार्टी मंडी में संगठित व मजबूत होकर बाहर आ सके। जब से भाजपा सत्ता में आई है, तभी से 10 चुनाव क्षेत्रयुक्त मंडी जिला में कांग्रेस बैकफुट पर दिख रही है।  इसके कई दिग्गज भाजपा के ही वरिष्ठ नेताओं की तर्ज पर चुनाव में लुढ़के हैं। यही वजह है कि कांग्रेस के थिंक टैंक ने मंडी में ऐसा बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की सलाह दी थी। ऐसे में इस अधिवेशन के बहाने प्रदेशाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेता क्या मनोबल को बढ़ा पाएंगे, यह तो 2019 के चुनाव नतीजे ही बताएंगे।  उधर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने होली उत्सव पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

वीरभद्र सिंह पर सस्पेंस

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई नेता पूर्व व्यस्त कार्यक्रमों के चलते इस अधिवेशन में न आने की सूचनाएं भेज चुके हैं। हालांकि वीरभद्र सिंह की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है कि वह अपने पुत्र सहित इस अधिवेशन में आएंगे या नहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App