कालेज विवाद… छह दिन का अल्टीमेटम

By: Mar 20th, 2018 12:05 am

करसोग —पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा करसोग को दिया गया पोलीटेक्नीक कालेज वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा रद्द किया जाना क्षेत्र की जनता के साथ धोखा है व युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है, जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा।  25 मार्च तक प्रदेश की भाजपा सरकार ने करसोग के पोलीटेक्नीक कालेज वाली अधिसूचना को बहाल करते हुए नई अधिसूचना जारी नहीं की तो 26 मार्च से करसोग में उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी वर्तमान सरकार की होगी।  यह बात खंड कांग्रेस करसोग की पुराना बाजार में आयोजित विशेष बैठक के बाद पूर्व विधायक व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनसाराम ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कही। इस मौके पर उनके साथ खंड कांग्रेस के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी, महासचिव जगत राम जगत, पंचायत समिति करसोग के उपाध्यक्ष दिलीप मेहता, धन्नालाल महाजन, संतराम धीमान, मोतीराम ठाकुर, प्रकाश गुप्ता, अशोक शर्मा, भोलादत्त, युवा कांग्रेस नेता महेश राज, विक्की चौहान, जय गोपाल गुप्ता, पूर्व प्रधान गोपाल, हिरदा राम व दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। गत दिनों पोलीटेक्नीक कालेज वाली अधिसूचना वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा रद्द किए जाने के बाद आंदोलन की रणनीति बनाने को लेकर सोमवार को कांग्रेस की विशेष बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सभी से सहयोग भी मांगा गया। पूर्व विधायक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनसाराम ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने करसोग को चालीस लाख रुपए का बजट देते हुए पोलीटेक्नीक कालेज खोला था जबकि वर्तमान भाजपा सरकार कोरा झूठ बोल रही है कि पोलीटेक्नीक कालेज बिना बजट के करसोग में खोला गया था। पूर्व विधायक मनसाराम ने कहा कि चालीस लाख रुपए का बजट पोलीटेक्नीक कालेज को देने संबंधी पूर्व सरकार का स्वीकृत पत्र भी कांग्रेस के पास मौजूद है। परंतु भाजपा सरकार करसोग की जनता को गुमराह कर रही है, जो सहन नहीं होगा। विकास कार्यों में भेदभाव करना भाजपा की आदत है व आम जनता में लड़ाई-झगड़ा डालकर उलझा कर रखना भाजपा का प्रयास रहता है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने करसोग को पोलीटेक्नीक कालेज देते हुए 15 बीघा भूमि का चयन करके स्थानांतरण के लिए कागजी औपचारिकता कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान ही संबंधित विभागों को भेजी गई, जिसमें कुल 25 बीघा भूमि मांगी गई थी उसकी प्रक्रिया भी पूर्व सरकार ने ही स्वीकृति के लिए चला दी थी परंतु भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही करसोग के हितों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। करसोग कांग्रेस ने एकजुट होकर कहा कि देश के गृहमंत्री सभा चुनावों के दौरान केंद्रीय विद्यालय करसोग में खोलने का सपना दिखा गए थे, जिस पर अभी तक कोई पुख्ता कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। करसोग कांग्रेस ने पोलीटेक्नीक कालेज वाली अधिसूचना रद्द करने पर बुरी तरह रोष प्रकट करते हुए कहा कि 25 मार्च तक करसोग को दिया गया पोलीटेक्नीक कालेज वर्तमान सरकार बहाल करे अन्यथा उग्र आंदोलन चलाते हुए जनता करसोग का विकास खुद तय करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी वर्तमान सरकार की रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App