कुंजुम दर्रे से जाता है लाहुल घाटी को रास्ता

By: Mar 28th, 2018 12:05 am

 कुजुंम दर्रा महान कुंजम श्रेणी में से लाहुल घाटी को मार्ग उपलब्ध करवाता है। उन्नत बड़ा शिगड़ी हिमनद अपने पूर्ण वैभव में सामने दिखाई देता है। दर्रे की चोटी पत्थरों के एक ढेर से चिन्हित की गई है जो वर्षों पहले यहां खड़ी की गई थी…

कुंजुम दर्रा

 कुजुंमदर्रा महान कुंजम श्रेणी में से लाहुल घाटी को मार्ग उपलब्ध करवाता है। उन्नत बड़ा शिगड़ी हिमनद अपने पूर्ण वैभव में सामने दिखाई देता है। दर्रे की चोटी पत्थरों के एक ढेर से चिन्हित की गई है जो वर्षों पहले यहां खड़ी की गई थी। हाल ही में शिखर पर एक मंदिर का निर्माण किया गया है, जो लाहुल के मुख्य देवता भगवान गेफांग को समर्पित है। ऐसा विश्वास किया जाता है कि हर वाहन जो कुंजम दर्रे से गुजरता है, उसे ईश्वर से आशीर्वाद लेने के लिए परिक्रमा करनी पड़ेगी। भगवान के इस पत्थर के बिंब की एक और विशेषता यह है कि यदि भक्त भगवान को स्वीकार्य है तो कैश के रूप में भेंट बिंब से चिपक जाएगी। कुछ लोगों का विश्वास है कि यह मंदिर देवी दुर्गा का है।

कुगती

यह भरमौर का अंतिम आवासीय गांव है, जो कुगती दर्रा से बहुत दूर नहीं है और यह भरमौर से केलांग के लिए एक चुनौतीपूर्ण मार्ग है। यहां से केलांग वजीर का प्रसिद्ध मंदिर दो किलोमीटर दूर है।

लिंगटी घाटी

यह स्पीति की सबसे बड़ी और लंबे किनारे वाली घाटी है। यह लिंगटी गांव से उत्तर-पूर्व की ओर अपने सिरे तक लगभग 60 किलोमीटर तक जाती है। यह एक भूतत्त्व विषयक जीवंत संग्रहालय है। इसका भूतत्त्व विषयक इतिहास 2500 लाख वर्ष पुराना है और इसके शैल(एक प्रकार का पत्थर) और जीवाशम संपूर्ण जगत में विदित हैं। लिंगटी घाटी में ‘गया चोटी’ भी है। इसके शिखर पर स्पीति, लद्दाख और तिब्बत मिलते हंै।

   कोठी

यह जिला किन्नौर में है और इसे कोष्टाम्पी भी कहा जाता है। यह कल्पा से थोड़ा नीचे है और किन्नर कैलाश इसके पृष्ठ में शोभायमान है। गांव में श्वांग चडिंका का प्रसिद्ध मंदिर है। गांव का अपने आकर्षक मंदिर, प्रसन्नकारी सरपत, हरे खेतों और फलदार वृक्षों से कुल मिलाकर एक सुदर परिदृश्य है।

  कुफरी

कुफरी शिमला से 2622 मीटर की ऊंचाई पर रिज से 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सर्दियों के खेलों की राजधानी ‘स्कीईंग’ के लिए आदर्श है। पिछले वर्षों में सर्दियों के दौरान पर्यटकों के लिए एक बड़े आकर्षण का केंद्र बन गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App