कुछ भी मुश्किल नहीं…गर ठान लीजिए

By: Mar 7th, 2018 12:05 am

आपाधापी के इस दौर में कामकाजी महिलाएं जिम्मेदारी की डोर से बंधी हुईं हैं। समाज, परिवार और कारोबार में जिम्मेदारी का एहसास और समय का सही प्रबंधन ही वह अस्त्र है, जिससे कि महिलाएं तमाम मुसीबतों पर विजय पा रही हैं। ऐसी कामकाजी महिलाओं के जज्बे को सलाम, जो अपने परिवार के पालन-पोषण से लेकर दफ्तर और कारोबार की जिम्मेदारी भी सहज तरीके से निभा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश का अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ ऐसी ही खुद्दार महिलाओं से आपको रू-ब-रू करवा रहा है…..

भराड़ी से अजय शर्मा की रपट

हर मुश्किल में परिवार साथ

सुमन शर्मा का कहना है कि वह पेशे से अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग से हर मुश्किल को सुलझाने में उन्हें सहायता मिलती है। इसके कारण उन्हें अपने कार्य क्षेत्र में कार्य करने में आसानी मिलती है।

जिम्मेदारी निभा रही हूं

निर्मला देवी का कहना है कि वह पेशे से सिलाई अध्यापिका है। उनके परिवार में बेटा, बहू व एक पौत्र है। उनके पति सेना में कार्यरत है। घर की जिम्मेदारी के साथ-साथ अपने कार्यस्थल में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका है और वह अपने कार्य को पूजा की तरह मानती है व अपने घर की जिम्मेदारी को भी सही से निभा रही है।

समन्वय बनाने की कोशिश

सुनीला शर्मा का कहना है कि वह पेशे से राजकीय माध्यमिक पाठशाला ठंडोडा में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने परिवार व अपने अध्यापन कार्य के बीच में संतुलन बनाया है। इससे परिवार के साथ पारिवारिक तरीके से व अपने कार्यस्थल पर उसी तरीके से समन्वय बना कर रहे।

परिवार का मिल रहा साथ

सुषमा कुमारी का कहना है कि वह महिला आईटीआई भराड़ी में अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। उनका गृह क्षेत्र जिला मंडी में है। वह घर के खर्चाें में अपने पति संग पूरा हाथ बटाती है। उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे वह अपनी जिम्मेदारियों को बाखूबी निभा रही है। हर कार्य को व्यवस्थित ढंग और समय पर निपटाने की कोशिश रहती है।

दोनों भूमिकाओं में दे रहीं बेस्ट

रीता देवी का कहना है कि वह भराड़ी उपतहसील के गांव ठंडोडा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। उन्होंने बताया कि आज महिलाओं की भागीदारी समाज के हर वर्ग में है और बतौर गृहिणी भी अपने घर की जिम्मेदारी के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका पेश कर रही है।

कोई परेशानी नहीं

बनिता कुमारी का कहना है कि वह पंचायत सचिव के पद पर है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार उनके साथ सहयोग करने के हर समय तैयार रहता है। अतः उन्हें कार्य क्षेत्र व परिवार में समन्वय बनाने में कोई परेशानी नहीं उठानी पड़ती।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App