कुटलैहड़ में शिलान्यास पट्टिका तोड़ी

By: Mar 22nd, 2018 12:20 am

अघलौर में सीएम जयराम ठाकुर ने फरवरी में पेयजल योजना का रखा था नींव पत्थर

बंगाणा— कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फरवरी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा मंदली पंचायत के तहत अघलौर में रखी गई। पेयजल योजना की शिलान्यास पट्टिका को शरारती तत्त्वों द्वारा तोड़ दिया गया है। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।  पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार   11 फरवरी 2018 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने 1082.37 लाख की लागत से निर्मित होने वाली ऊठाऊ पेयजल योजना  रामगढ़धार का शिलान्यास किया, लेकिन मंगलवार रात को शरारती तत्त्वों ने इस शिलान्यास पट्टिका को तोड़ दिया। सुबह के समय स्थानीय लोगों को इस बात का पता चला। लोगों ने इसकी सूचना सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को दी। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने भी मौका का निरीक्षण किया। साथ ही अपनी शिकायत पुलिस प्रशासन को भी दी। जिसके चलते पुलिस द्वारा इस मामले से संबधित एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। वहीं, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता वीवी गुप्ता द्वारा ने पुलिस के पास शिकायत दी गई है। उधर, इस बारे में डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, ब्लॉक भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, महामंत्री मास्टर तरसेम, चरणजीत शर्मा, कैप्टन प्रीत डढवाल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बलराम बबलू, राम सिंह, आईटी सैल प्रमुख विकास आंगरा, महिला मोर्चा अध्यक्षा उर्मिला ठाकुर, सूरम सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य केपी शर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिलान्यास पट्टिका तोड़ने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग क्षेत्र में हो रहे विकास को पचा नहीं पा रहे हैं। विकास देखकर कांग्रेस के लोग बौखला उठे हैं। इसके चलते इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गहन छानबीन की जाए और इसमें संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App