गाभिन पशु का आहार-चारा बढ़ाएं

By: Mar 1st, 2018 12:04 am

मेरी गाय की प्रसूति को दस दिन रह गए हैं, उसे क्या खिलाएं?

मोहिंद्र सिंह, नालागढ़

मेरी बछड़ी आठ महीने की गाभिन है। उसे क्या खिलाया जाए?

जगन्न नाथ, चोबिन

अकसर देखा गया है कि गाभिन पशु की प्रसूति के लिए  जब दो- तीन महीने रह जाते हैं, तो उसका पशु आहार बंद कर दिया जाता है। उस वक्त आप अपने पशु को केवल तूड़ी / हरा घास देते हैं। आप लोगों की धारणा है कि यदि गाभिन पशु को पशु आहार देंगे, तो कहीं वह आहार पशु को गर्म न लगे व उसका गर्भपात न हो जाए। कहीं उसका बच्चा बड़ा न हो जाए व प्रसूति के वक्त मां (गाय ) को तकलीफ न हो।

यह एक गलत धारणा है, एक भ्रम है। ऐसा कुछ नहीं होता है। आखिरी के दो महीने में बच्चे का विकास काफी तेजी से होता है। उस वक्त पशु की सर्वाधिक सेवा होनी चाहिए। परंतु आप लोग आखिरी के दो महीने में अपने पशु को आहार से वंचित रखते हैं। इससे पशु नेगेटिव एनर्जी बैलेंस में चला जाता है व मां व बच्चा दोनों कमजोर हो जाते हैं। नतीजतन प्रसूति के समय पशु को समस्या आती है। प्रसूति के बाद पशु कम मात्रा में दूध देता है। बच्चा भी कमजोर होता है। इसलिए उसका विकास धीमा होता है व  तीन-चार साल तक  गरमाने के लक्षण नहीं देता है। गाय भी प्रसूति के बाद गरमाती नहीं है व गरमाए तो कृत्रिम गर्भाधान से टिकती नहीं है।

 पशुपालन व्यवसाय को लाभप्रद बनाने का मूलमंत्र है- गाभिन गाय की सेवा। कृत्रिम / प्राकृतिक गर्भाधान करवाने के दो-तीन महीने बाद अपने पशु का परीक्षण करवाएं। यदि आपका पशु गाभिन है, तो एक किलो पशु आहार प्रतिदिन उसको अतिरिक्त खिलाएं।

* सातवां महीना खत्म होने पर (आठवां महीने शुरू होन पर)

* उसके दूध को सुखा दें।

* पेट के कीड़ों की दवाई दें।

* पशु आहार डेढ़ किलो सुबह शाम को खिलाएं।

* खनिज मिश्रण 50 ग्राम ताउम्र खिलाएं।

* आठवां महीने खत्म होने पर उसे पशु आहार बंद कर दें व सुबह व शाम दलिया खिलाएं।

* खनिज मिश्रण 50 ग्राम देना जारी रखें।

 * हरा घास कुतर कर व सूखी घास / तूड़ी मिलाकर अवश्य खिलाएं।

* अगर आपका पशु कमजोर है या 10 लीटर से ज्यादा दूध देता है तो 100 मी सरसों का  तेल प्रतिदिन एक महीना अपने पशु को दें।

यदि आप उपरोक्त तरीके से अपने गाभिन पशु की सेवा करोगे, तो आपका पशुपालन व्यवसाय लाभप्रद बनेगा व आपका पशु प्रसूति के दौरान होने वाले रोगों/ कष्टों  से मुक्त हो जाएगा।

डा. मुकुल कायस्थ वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय पद्धर(मंडी)

फोनः 94181-61948

नोट : हेल्पलाइन में दिए गए उत्तर मात्र सलाह हैं।

Email: mukul_kaistha@yahoo.co.in


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App