जल्द खोला जाएगा पोलीटेक्नीक कालेज

By: Mar 20th, 2018 12:05 am

 करसोग —पोलीटेक्नीक कालेज करसोग को बजट तथा सुविधाओं सहित प्रदेश की भाजपा सरकार बहुत जल्द करसोग में आकर प्रदान करेगी तथा क्षेत्र के विकास को कई और योजनाएं भी मिलेंगी। यह बात करसोग के विधायक हीरा लाल ने पत्रकार वार्ता के दौरान संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन गुप्ता, भाजपा नेता प्रेस सचिव अनूप ठाकुर, भास्कर शर्मा, हेमराज, सतीश कुमार, रोशन कुमार, चिरंजी लाल शर्मा, रतन राणा, व अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। पत्रकार वार्ता के दौरान करसोग के विधायक हीरा लाल ने कहा कि जिला मंडी की दूरदराज विधानसभा करसोग का विकास वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान तेज गति से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान पोलीटेक्नीक कालेज जल्दबाजी में जाते-जाते की गई कागजी घोषणा थी, जिसको अब भाजपा सरकार पूरे बजट सहित मूर्त रूप देगी। इसका आश्वासन गत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा अशोक से भाजपा मंडल के शिमला पहुंची कार्यकारिणी को दिया गया है। विधायक हीरा लाल ने कहा कि अब पोलीटेक्नीक कालेज बहुत जल्द करसोग में बजट व पदों सहित खोला जाएगा, जिसके लिए भवन निर्माण की व्यवस्था भी पोलीटेक्नीक कालेज को की जाएगी। उन्होंने कहा कि गत पांच वर्ष के दौरान पूर्व की कांग्रेस सरकार करसोग के लोगों को बस यही कहती है कि जाम की समस्या को खत्म करने के लिए बाइपास सड़क का निर्माण किया जाएगा, परंतु योजना को कहीं भी आगे नहीं बढ़ाया गया। वोट की राजनीति करते हुए करसोग की जनता को कांग्रेस ने मात्र कागजी विकास दिखाया, जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बाइपास सड़क का निर्माण करने के लिए तेज गति से कदम उठाए हैं। करसोग में गैस गोदाम के समीप से बरल गांव तक लगभग एक किलोमीटर बाइपास निर्माण करने की योजना वाली डीपीआर बना दी गई है तथा बहुत जल्द स्वीकृति मिलने वाली है। लगभग सवा चार लाख रुपए से निर्माण होने वाले बाइपास को जल्द ही निर्माण कार्य के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस अड्डा करसोग से कामक्षा तक सड़क मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। नगर पंचायत के विकास कार्यों को भी तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक हीरा लाल ने कहा कि विकास खंड करसोग के सभी गांवों का एक समान विकास तेज गति से हो इसके लिए प्रदेश की भाजपा सरकार वचनबद्ध है तथा विकास योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए सभी का सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि पोलीटेक्नीक कालेज पर रोष प्रकट करने के लिए कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री करसोग के पोलीटेक्नीक कालेज को बहुत जल्द करसोग आकर उपहार के रूप में देंगे, जिसमें सभी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी व युवाओं को शिक्षा के लिए जल्द से जल्द पोलीटेक्नीक कालेज कक्षाएं उपलब्ध हों ऐसा भी प्रयास किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App