जवानों के साथ कैमरे रखेंगे नजर

By: Mar 17th, 2018 12:05 am

कांगड़ा – चैत्र नवरात्र के दौरान अगर भक्तों की भीड़ बढ़ी तो माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर को सुबह तड़के जल्दी खोलने व देर रात को बंद करने के प्रबंध किए जाएंगे। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि नवरात्र के आखिरी तीन दिन यहां मां के भक्तों की भीड़ बढ़ सकती है। इसी के दृष्टिगत मंदिर प्रशासन इन दिनों मंदिर को देर रात तक खुला रख सकता है। चैत्र नवरात्र के दौरान कांगड़ा में व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए  प्रशासन ने तगड़े बंदोबस्त किए हैं। एसडीएम एवं सहायक आयुक्त मंदिर शशिपाल नेगी ने बताया कि यात्रियों द्वारा बाइपास पर बसों को खड़ा किया जा सकेगा, वहां स्थायी रूप से टॉयलट का निर्माण भी किया गया है। भक्तों को शहर पहुंचने व मंदिर जाने में कोई दिक्कत न हो उसके लिए  निःशुल्क बस सेवा नवरात्र के दौरान चलाई जा रही है। इस दौरान  सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता बनी रहे इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। डीएसपी संजीव चौहान ने बताया कि चैत्र नवरात्रों के दौरान  अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। साथ ही होमगार्ड के जवानों की मदद भी ली जाएगी। सीसीटीवी कैमरे व सादा वर्दी में तैनात  पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखेंगे। इसके अलावा मां के भक्तों को मेटल डिटेक्टर से गुजरना होगा। नवरात्र के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शशिपाल नेगी ने बताया की बड़े वाहन बाइपास पर ही खड़े किए जाएंगे, जबकि छोटे वाहनों को ही शहर में आने की इजाजत होगी। इस दौरान शहर में वन वे व्यवस्था लागू रहेगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App