तालिबान नहीं है भाजपा

By: Mar 16th, 2018 12:05 am

सौरभ धीमान, नालागढ़

हाल ही में आए त्रिपुरा चुनावों के परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि कैसे 25 वर्षों के वामपंथी कुशासन से पूरा त्रिपुरा त्रस्त था। त्रिपुरा को एक सशक्त और स्वच्छ विकल्प नहीं मिल रहा था, लेकिन जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता त्रिपुरा में लोगों के बीच गए तो उन्हें भाजपा और नरेंद्र मोदी के रूप में उम्मीद की एक किरण दिखाई दी और जनता ने भाजपा को अद्वितीय समर्थन दिया। शासन बदलते ही लोगों ने वामपंथ के प्रतीक लेनिन की चौराहे पर लगी मूर्ति को तोड़ दिया, जिसके बाद एक राजनीतिक घमासान मच गया। स्वयंभू बुद्धिजीवियों का एक तबका इस मसले पर भाजपा को तालिबान से जोड़ कर देख रहा है, वहीं एक तबका इसे भगत सिंह का अपमान बताने में जुटा है, जो कि बहुत ही हास्यास्पद है। इन बातों के दो पहलू हैं। पहला तो यह कि मूर्ति न तो नगर परिषद द्वारा गिराई गई, न ही सरकार की ओर से। इस मूर्ति को गिराने वाले स्थानीय लोग थे और हैरानी की बात तो यह है कि वामपंथी टीवी और सोशल मीडिया पर पूरे जोर-शोर से मुद्दे पर चिल्ला रहे हैं, लेकिन अब तक किसी ने किसी प्रकार की कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई, क्योंकि वह खुद जानते हैं कि इसमें न तो कोई सरकारी संस्था शामिल थी, न ही भाजपा। दूसरा पहलू है लेनिन को भगत सिंह से जोड़ना। यह हास्यास्पद इसलिए है क्योंकि तर्क के नाम पर वामपंथियों के पास एक ही बात है कि कारागृह में भगत सिंह, लेनिन की किताब पढ़ रहे थे और मात्र इस बात को केंद्र में रखकर वामपंथी भगत सिंह को कामरेड बताने से नहीं चूकते। वह इस बात का कतई जिक्र नहीं करते कि भगत सिंह को मृत्युदंड मिला ही उस हमले के लिए था, जो कि उन्होंने लाला लाजपत राय की हत्या का बदला लेने के लिए किया था। हम सभी जानते हैं कि लाला लाजपत राय दक्षिणपंथी विचारधारा के क्रांतिकारी थे और हिंदू महासभा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। इस बात से हमें भगत सिंह जी की विचारधारा ज्ञात हो जाती है कि वे लाला लाजपत राय के कट्टर समर्थक थे। उन्हें कम्युनिस्ट कहना कुछ लोगों का अपनी राजनीति को चमकाने का प्रयास मात्र है। ऐसा नहीं होना चाहिए। भाजपा भी कोई तालिबानी पार्टी नहीं है। अगर ऐसा होता तो वह चुनाव पर चुनाव जीत न पाती। हमें जनता की ओर से दिए गए जनादेश का सम्मान करना होगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App