नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों के कब्जे में कांगड़ा के तीन युवक

By: Mar 23rd, 2018 12:09 am

22 लाख फिरौती की मांग, दो महीने से झेल रहे यातनाएं, परिजनों का बुरा हाल

नंदपुर भटोली— मोसूल में 39 भारतीयों के साथ चार हिमाचलियों की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ है कि जिला कांगड़ा के तीन बेटों को नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों द्वारा अपहरण कर बंधक बनाने की खबर सामने आ गई है। इन तीन युवाओं में कांगड़ा के समलोटी का पंकज, पालमपुर का अजय तथा विकास खंड नगरोटा सूरियां के तहत ग्राम पंचायत सुगनाड़ा का सुशील धीमान शामिल है। सुशील धीमान के पिता रघुवीर धीमान ने बताया कि मर्चेंट नेवी में तैनात सुशील पिछले तेरह साल से अलग-अलग कंपनियों के साथ काम कर रहा है। उनका बेटा ग्रुप कैप्टन है, जो समुद्री जहाज में 25 नवंबर, 2017 को मुंबई से नाइजीरिया गया था। दो अन्य हिमाचली युवक अजय और पंकज भी उसके साथ थे। इस दौरान इन सभी का जहाज सहित अपहरण कर लिया गया और इन सभी को 17 समुद्री लुटेरों ने बंदूक की नोक पर जंगल में रखा है। रघुवीर धीमान ने बताया कि सुशील के साथ उनकी आखिरी बार बात 28 जनवरी को हुई थी। उसके बाद उसकी तरफ  से कोई बात नहीं हुई। दो महीने से ये तीनों समुद्री लुटेरों के कब्जे में हैं। 12 मार्च को उनके फोन पर एक सेटेलाइट कॉल आई, जिसमें सुशील ने सारा घटनाक्रम उन्हें बताया और इसके बाद कॉल काट दी। इसके तीन दिन बाद फिर सुशील के घर कॉल आई, जिसमें उसने बताया कि लुटेरे 11 मिलियन नायरा (करीब 22 लाख रुपए) की फिरौती मांग रहे हैं, तभी सभी को छोड़ा  जाएगा। उनको एक समय का खाना ही दिया जा रहा है। इस बारे में घर वालों ने सुशील जिस कंपनी में काम कर रहा है, उसके मालिक से बात की तो उन्होंने कहा कि वह समुद्री लुटेरों के संपर्क में हैं और उन्हें पैसे दे देंगे। इस पूरे मामले को लेकर सुशील के घर वाले काफी परेशान हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी और पिता का भी बुरा हाल है। सुशील का पांच साल को बेटा और एक साल की बेटी है। सुशील के भाई विनय कुमार ने बताया कि तीन दिन में एक बार उसके भाई  से समुद्री लुटेरे घर वालों से बात करवाते हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ से बात करते हुए सुशील के पिता ने बताया कि उन्होंने मेल द्वारा और फोन के माध्यम से भी इस बारे विदेश मंत्रालय तथा पीएमओ को भी सूचित किया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सुशील के पिता रघुवीर सिंह ने केंद्र सरकार व हिमाचल सरकार से मदद के लिए गुहार लगाई है कि शीघ्र ही इस मामले का कड़ा संज्ञान लेकर उनके लाड़ले को सही सलामत घर पहुंचाने में उनकी मदद की जाए। ये हैं बंधक ः नाइजीरिया में बंधक बनाए गए तीन युवाओं में कांगड़ा के समलोटी का पंकज, पालमपुर का अजय तथा विकास खंड नगरोटा सूरियां के तहत ग्राम पंचायत सुकनाड़ा का सुशील धीमान शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App