निरमंड में मकान सुलगा नालागढ़ में झुलसी युवती

By: Mar 11th, 2018 12:20 am

रामपुर बुशहर— जंगलों में लगी आग अब घरों तक भी पहुंचने लगी है। शुक्रवार शाम को ऐसा ही एक मामला निरमंड खंड की तुनन पंचायत में पेश आया। पंचायत के कतैलड़ी गांव में जंगल में फैली आग की चपेट में आने से एक दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। दर्जनों फलदार पौधे भी इस आग की भेंट चढ़े। प्रशासन ने आग से नुकसान के आकलन के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेज दी है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे तुनन पंचायत के कतैलड़ी गांव में जंगल से फैली आग ने खेबा राम के दोमंजिला मकान को चपेट में ले लिया। पलक झपकते ही मकान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घर पर कोई नहीं रहता था। यह आग खेबा राम और नीति राम की दोघरी में लगी, जिसमें कोई नहीं रहता था। लकड़ी का मकान होने के कारण पल भर में पूरा घर राख में तबदील हो गया। इस आग ने तुनन पंचायत के कशैल और गांवबील के साथ लगते इलाकों में सेब और अन्य फलदार पौधों को भी चपेट में ले लिया। इससे ग्रामीणों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर नुकसान का जायजा लेने के लिए भेज दिया है। तुनन पंचायत प्रधान देविका ने आगजनी से प्रभावितों को प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। तहसीलदार नीरजा शर्मा का कहना है कि तुनन पंचायत में आग लगने की सूचना मिली है। राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर भेजा गया है। प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

सिलेंडर में आग

नालागढ़ — शहर के वार्ड-चार में एक मकान के कमरे में अचानक सिलेंडर में आग लगने से एक युवती झुलस गई। यह युवती यहां किराए के मकान में रहती है और सिलेंडर लीक करने से अचानक उसमें आग लग गई, जिससे कमरे में चारों ओर आग फैल गई और युवती भी इससे झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App