पहले चीनी अब तेल गायब

By: Mar 21st, 2018 12:05 am

सुबाथू —छावनी क्षेत्र सुबाथू के राशन डिपुओं में इस बार चीनी और उड़द की दाल गायब है। हैरानी की बात तो यह है कि मार्च महीना आधे से ज्यादा गुजर गया है, लेकिन अभी तक डिपुओं में चीनी व दाल की सप्लाई नहीं पहुंची है। मार्च महीने के शुरुआती दिनों में पहले लोगों को चीनी और उड़द की दाल नहीं मिली, वहीं अब मंगलवार से चीनी तेल और मलका मसूर की दाल का टोटा पड़ गया है। ग्रामीणों सुभाष, सुनील अभिषेक, उमेश, राजिंद्र, रीता, कमला, नेहा व आशा कुमारी का कहना है कि हर महीने मिलने वाले राशन के लिए डिपुओं के कई चक्कर काटने पड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार सुबाथू छावनी के साथ लगती आठ पंचयतों के करीब 3000 उपभोक्तओं को राशन के लिए परेशानी उठानी पड़ चुकी है। हजारों ग्रामीणों को चीनी के साथ दाल भी बाजार से महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही है। लोगों ने प्रदेश सरकार व सिविल सप्लाई कारपोरेशन के अधिकारियों से निवेदन किया है कि लोगों को एक बार में ही सारा राशन मिल जाए, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए। वहीं सिविल सप्लाई कारपोरेशन थोक केंद्र चंबाघाट- सोलन के इंचार्ज महेंद्र चंदेल ने बताया कि पहले का सारा स्टॉक सभी डिपुओं को बांट दिया गया था। चीनी का टेंडर नहीं हुआ है, जिसके कारण चीनी की सप्लाई नहीं हुई है। जल्द ही बाकी सामान भी डिपो में उपलब्ध हो जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App