पांच कांग्रेस नेताओं पर केस

By: Mar 22nd, 2018 12:07 am

सोलन – बुधवार को ओल्ड डीसी चौक पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की व तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद मौके पर मौजूद दर्जनों युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने सीएम जय राम ठाकुर का पुतला जला दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे युवा कांग्रेस ने विश्राम गृह से प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। यह प्रदर्शन माल रोड से गुजर कर पुराने उपायुक्त चौक तक गया। यहां पर पहले से ही दर्जनों पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। चौक पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सीएम का पुतला जलाने का प्रयास करने लगे। उसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ पुलिस कर्मी पुतला छीनने का प्रयास करने लगे। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इसी दौरान पुतले में आग लगा दी। आग लगते ही पुलिस कर्मी व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतले को छोड़ दिया। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में ही सीएम के पुतले को आग लगा दी। इस दौरान पुलिस ने युवा कांग्रेस नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। युवा कांग्रेस एसेंबली क्षेत्र के अध्यक्ष अमित ठाकुर का कहना है कि भाजपा सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार के फैसले बदलने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद करने के विरोध में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का पुतला भी फूंका गया व डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए पुतला छीनने की भी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। पुलिस का यह प्रयास लोकतंत्र के खिलाफ है।  पुलिस ने रास्ता रोकने व गैर कानूनी जमावड़ा एकत्रित किए जाने को लेकर पांच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संजीव, राजीव कौड़ा, अभिषेक, यजुरपंत व अमित ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसपी सोलन मोहित चावला का कहना है कि पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है। गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App